चक्रवाती तूफान और भारी बारिश की आशंका के बीच जशपुर जिले के स्कूलों में कल छुट्टी, जिला शिक्षा अधिकारी ने जारी किया आदेश
ताजा खबरें


बड़ी खबर

चक्रवाती तूफान और भारी बारिश की आशंका के बीच जशपुर जिले के स्कूलों में कल छुट्टी, जिला शिक्षा अधिकारी ने जारी किया आदेश

29 अक्टूबर को जिले के सभी शासकीय, अशासकीय एवं अनुदान प्राप्त स्कूल रहेंगे बंद, विद्यार्थियों की सुरक्षा को देखते हुए लिया गया निर्णय

जशपुर। बंगाल की खाड़ी में बन रहे चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के प्रभाव और आगामी दिनों में चक्रवाती तूफान के साथ अतिवृष्टि की संभावना को देखते हुए जशपुर जिले में विद्यार्थियों की सुरक्षा के मद्देनजर 29 अक्टूबर को स्कूलों में एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है। इस संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी, जशपुर द्वारा आदेश जारी किया गया है।

जारी आदेश के अनुसार, मौसम विभाग से प्राप्त जानकारी के आधार पर खराब मौसम और भारी बारिश की आशंका को देखते हुए विद्यार्थियों को स्कूल आने-जाने में होने वाली संभावित परेशानियों तथा उनके स्वास्थ्य एवं सुरक्षा को ध्यान में रखकर यह निर्णय लिया गया है। गुरुवार 29 अक्टूबर 2026 को जिले के समस्त शासकीय, अशासकीय एवं अनुदान प्राप्त प्राथमिक, पूर्व माध्यमिक, हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी विद्यालय बंद रहेंगे।

जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय से जारी आदेश की प्रतिलिपि राज्य शासन के स्कूल शिक्षा विभाग, लोक शिक्षण संचालनालय, कलेक्टर जशपुर, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत, संयुक्त संचालक लोक शिक्षण सरगुजा संभाग सहित संबंधित अधिकारियों को भेजी गई है। इसके अलावा सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारियों और विद्यालयों के प्राचार्यों एवं प्रधान पाठकों को भी आदेश की सूचना देते हुए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

मौसम की संभावित स्थिति को देखते हुए जारी इस आदेश से जिले के विद्यार्थियों को एक दिन की राहत मिलेगी। प्रशासनिक स्तर पर यह कदम बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए एहतियात के तौर पर उठाया गया है।

Leave Your Comment

Click to reload image