जशपुर के सरकारी स्कूलों में अब पढ़ाई जाएगी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, कोडिंग और रोबोटिक्स, कलेक्टर रोहित व्यास की पहल से विद्यार्थियों को मिलेगा आधुनिक तकनीक का प्रशिक्षण
ताजा खबरें


बड़ी खबर

जशपुर के सरकारी स्कूलों में अब पढ़ाई जाएगी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, कोडिंग और रोबोटिक्स, कलेक्टर रोहित व्यास की पहल से विद्यार्थियों को मिलेगा आधुनिक तकनीक का प्रशिक्षण

जशपुरनगर, 28 अक्टूबर 2026/ जशपुर जिले के सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने और भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने की दिशा में जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण पहल की है। 

कलेक्टर श्री रोहित व्यास के विशेष प्रयासों से जिला प्रशासन जशपुर और एडु रोबोवर्स के बीच गैर-वित्तीय सहयोग के आधार पर समझौता ज्ञापन (एमओयू) किया गया है। इसके तहत जिले के तीन सरकारी स्कूलों में कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों को एक वर्ष तक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), कोडिंग, रोबोटिक्स और मशीन लर्निंग का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।

 आधुनिक तकनीक के साथ सीखेंगे नवाचार के गुर

इस पहल के माध्यम से विद्यार्थी केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि तकनीक का व्यावहारिक उपयोग करना भी सीखेंगे। प्रशिक्षण के दौरान वे इंटरनेट ऑफ थिंग्स (IoT) की मदद से सेंसर, मोटर और विभिन्न उपकरणों को आपस में जोड़कर स्मार्ट सिस्टम तैयार करना सीखेंगे। इसके साथ ही कृषि, जल संरक्षण, वन, पर्यावरण और ऊर्जा जैसे स्थानीय विषयों पर आधारित वास्तविक प्रोजेक्ट भी तैयार करेंगे।

 प्रत्येक स्कूल में नियुक्त होगा विशेष ट्रेनर

कार्यक्रम के प्रभावी संचालन के लिए एडु रोबोवर्स की ओर से प्रत्येक स्कूल में एक विशेष ट्रेनर नियुक्त किया जाएगा। 

ट्रेनर सप्ताह में दो दिन विद्यार्थियों की कक्षाएं लेंगे और विद्यालय के शिक्षकों को भी आवश्यक प्रशिक्षण प्रदान करेंगे। इससे स्कूलों में आधुनिक तकनीक आधारित शिक्षण को बढ़ावा मिलेगा और शिक्षक भी नई तकनीकों से परिचित हो सकेंगे।

कार्यक्रम के अंतर्गत प्रत्येक विद्यार्थी का 'स्टूडेंट टेक्नोलॉजी पासपोर्ट' तैयार किया जाएगा। इसमें विद्यार्थी के कौशल, मूल्यांकन और तैयार किए गए प्रोजेक्ट्स का रिकॉर्ड रखा जाएगा। कार्यक्रम की प्रगति की मासिक रिपोर्ट जिला प्रशासन को सौंपी जाएगी। प्रशिक्षण के अंत में विद्यार्थी अपने द्वारा तैयार किए गए प्रोजेक्ट्स का प्रदर्शन भी करेंगे।

 स्थानीय समस्याओं के समाधान के लिए प्रेरित होंगे विद्यार्थी

कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने कहा कि आज का दौर तकनीक का है और आने वाले समय में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तथा रोबोटिक्स जैसे कौशल हर क्षेत्र में महत्वपूर्ण होंगे। जशपुर के बच्चे प्रतिभाशाली हैं। उन्हें सही अवसर और मार्गदर्शन मिले तो वे किसी से पीछे नहीं रहेंगे। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित न रखकर, उन्हें स्वयं करके सीखने और अपने आसपास की समस्याओं के समाधान खोजने के लिए प्रेरित करना है।

इस पहल से जशपुर के ग्रामीण एवं आदिवासी अंचलों के विद्यार्थियों को भविष्य की तकनीकों को सीखने और अपनी रचनात्मक क्षमता विकसित करने का अवसर मिलेगा। साथ ही, उनमें वैज्ञानिक दृष्टिकोण, नवाचार और समस्या समाधान की क्षमता विकसित करने में भी मदद मिलेगी।

इस अवसर पर कलेक्टर श्री रोहित व्यास, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक कुमार, एडु रोबोवर्स के सीईओ श्री विशाल श्रीवास्तव एवं डायरेक्टर श्री आनंद विक्रम सिंह उपस्थित रहे।

Leave Your Comment

Click to reload image