ग्राहक की तलाश में था युवक, ब्रेजा कार की ड्राइवर सीट के नीचे छिपाकर रखी थी अफीम, मुखबिर की सूचना पर कोतवाली पुलिस ने मारा छापा, कार समेत 8.10 लाख की संपत्ति जब्त
रायगढ़। जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर लगाम लगाने के लिए रायगढ़ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में ऑपरेशन आघात के तहत लंबीसिटी कोतवाली पुलिस ने ढिमरापुर चौक के पास कार्रवाई करते हुए अफीम के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 47 ग्राम अफीम और एक सिल्वर रंग की ब्रेजा कार जब्त की है। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 8.10 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 25 अक्टूबर को सिटी कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक अमित तिवारी को मुखबिर से सूचना मिली कि ढिमरापुर चौक के पास एक युवक ब्रेजा कार में अफीम रखकर बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने उप निरीक्षक विजय कुमार एक्का के नेतृत्व में टीम रवाना की। पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर संदिग्ध कार के पास मौजूद अमरजीत सिंह (20 वर्ष), निवासी रामभांठा, जगतपुर, रायगढ़ को पकड़ लिया।
पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत तलाशी ली तो कार की ड्राइवर सीट के नीचे काले रंग की प्लास्टिक पन्नी में छिपाकर रखी गई 47 ग्राम अफीम बरामद हुई। इसकी कीमत करीब 10 हजार रुपये बताई गई है। पूछताछ में आरोपी ने अफीम एक ट्रक चालक से खरीदना बताया। पुलिस ने अफीम के साथ करीब 8 लाख रुपये कीमत की ब्रेजा कार भी जब्त कर ली।
कोतवाली पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध धारा 18(ग) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में उप निरीक्षक विजय कुमार एक्का, प्रधान आरक्षक हेमंत चंद्रा, आरक्षक गणेश राठिया, ओसनिक विश्वाल, नवधा प्रसाद भैना एवं महिला आरक्षक हेमलता एक्का की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
नशे के कारोबारियों पर जारी रहेगी सख्ती
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए रायगढ़ पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री में संलिप्त लोगों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने आम नागरिकों से भी नशे के कारोबार से जुड़े लोगों की जानकारी पुलिस को देने की अपील की, ताकि समाज को नशामुक्त बनाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जा सकें।
