गोमती साय ने भाजपा प्रदेश कार्यालय में सुनी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’, स्वदेशी अपनाने और पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
पत्थलगांव। पत्थलगांव विधायक, सरगुजा विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं गुजरात सह-प्रभारी श्रीमती गोमती साय ने रविवार को रायपुर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का लाइव प्रसारण सुना। इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह सहित प्रदेश पदाधिकारी, विधायकगण और पार्टी के वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम के माध्यम से देशभर में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों की प्रेरणादायी कहानियों को सामने लाया जाता है। कार्यक्रम की 12 वर्षों की यात्रा जनभागीदारी, सामाजिक जागरूकता और राष्ट्र निर्माण के प्रति सामूहिक संकल्प का प्रतीक बनी है। इसके जरिए प्रधानमंत्री देशवासियों को सकारात्मक कार्यों के लिए प्रेरित करते हैं और समाज में बदलाव लाने वाले प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाते हैं।
कार्यक्रम में स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने, पर्यावरण संरक्षण, प्राकृतिक खेती और पर्व-त्योहारों के माध्यम से सामाजिक एकता मजबूत करने जैसे विषयों पर विशेष संदेश दिया गया। इन विषयों के जरिए आत्मनिर्भरता, प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी और देश के विकास में आम नागरिकों की भागीदारी का महत्व सामने आया।
इस अवसर पर विधायक गोमती साय ने कहा कि ‘मन की बात’ केवल संवाद का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह देशवासियों के अनुभवों, उपलब्धियों और जनकल्याण के प्रयासों को साझा करने का सशक्त माध्यम है। यह कार्यक्रम समाज के हर वर्ग को राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने और सकारात्मक बदलाव के लिए आगे आने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विचारों से प्रेरणा लेकर प्रत्येक व्यक्ति को स्वदेशी उत्पादों को अपनाने, पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने और समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने के संकल्प को मजबूत करना चाहिए। जनभागीदारी और सामूहिक प्रयासों से ही आत्मनिर्भर भारत के निर्माण तथा देश के समग्र विकास के लक्ष्य को साकार किया जा सकता है।
