महानवमी पर नारायणपुर के दुर्गा पंडाल में पहुंचीं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की धर्मपत्नी कौशल्या साय, मां भवानी की भव्य आरती में शामिल होकर क्षेत्रवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की
नारायणपुर। शारदीय नवरात्रि की महानवमी के पावन अवसर पर नारायणपुर स्थित सनातन धर्म दुर्गा पूजा समिति के दुर्गा पंडाल में भक्ति और श्रद्धा का अनूठा संगम देखने को मिला। माता रानी के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पंडाल पहुंचे। इस अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय का आगमन हुआ। उन्होंने मां दुर्गा की भव्य आरती में शामिल होकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और मां भवानी के श्रीचरणों में शीश नवाकर समस्त क्षेत्रवासियों के सुख, शांति, समृद्धि एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।
महानवमी के अवसर पर आयोजित मां दुर्गा की आरती में लगभग 1,000 से 1,200 श्रद्धालु शामिल हुए। आरती के दौरान पूरा दुर्गा पंडाल भक्तिमय वातावरण से सराबोर हो उठा। मां दुर्गा के जयकारों और जय माता दी के उद्घोष से पूरा परिसर गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने पूरे भक्तिभाव के साथ माता रानी की आराधना की और परिवार एवं क्षेत्र की खुशहाली के लिए मंगलकामना की।
इस दौरान श्रीमती कौशल्या साय ने उपस्थित श्रद्धालुओं से आत्मीय मुलाकात की। वे भक्तों के साथ भजन-कीर्तन में भी शामिल हुईं और माता रानी की भक्ति में भावविभोर होकर झूम उठीं। उनके सहज और आत्मीय व्यवहार ने उपस्थित श्रद्धालुओं का ध्यान आकर्षित किया। उनके साथ भक्ति के इस माहौल में श्रद्धालुओं ने भी उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई। यह पल उपस्थित भक्तों के लिए विशेष आनंद और यादगार अनुभव बन गया।

मां दुर्गा के प्रति अटूट आस्था और सनातन परंपराओं के प्रति सम्मान से ओतप्रोत इस आयोजन में पूरे क्षेत्र का वातावरण भक्तिमय बना रहा। महानवमी के पावन पर्व पर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। पूजा-अर्चना और आरती के बाद श्रीमती कौशल्या साय ने पंडाल से बाहर आकर उपस्थित श्रद्धालुओं का अभिवादन स्वीकार किया। इस दौरान श्रद्धालुओं में भी उत्साह और उमंग का माहौल रहा।
सनातन धर्म दुर्गा पूजा समिति, नारायणपुर के दुर्गा पंडाल में महानवमी का यह आयोजन श्रद्धा, आस्था और सामाजिक सौहार्द का प्रतीक बना। मां भवानी की आराधना और जयघोष के बीच श्रद्धालुओं ने माता रानी का आशीर्वाद प्राप्त किया।
