महाअष्टमी पर नारायणपुर के दुर्गा पूजा पंडाल और जनसेवा अभेद आश्रम पहुंचे नगर पंचायत अध्यक्ष विनयशील, पूजा-अर्चना और संध्या आरती में शामिल होकर लिया आशीर्वाद,क्षेत्र की खुशहाली की कामना की
ताजा खबरें


बड़ी खबर

महाअष्टमी पर नारायणपुर के दुर्गा पूजा पंडाल और जनसेवा अभेद आश्रम पहुंचे नगर पंचायत अध्यक्ष विनयशील, पूजा-अर्चना और संध्या आरती में शामिल होकर लिया आशीर्वाद,क्षेत्र की खुशहाली की कामना की

नारायणपुर। शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर क्षेत्र में भक्ति और आस्था का माहौल बना हुआ है। इसी कड़ी में महाअष्टमी की संध्या को कुनकुरी नगर पंचायत के अध्यक्ष विनयशील नारायणपुर पहुंचे। यहां उन्होंने दुर्गा पूजा पंडाल में पहुंचकर मां दुर्गा के दर्शन किए और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर माता रानी का आशीर्वाद लिया। इस दौरान उन्होंने संध्या आरती में भी भाग लिया और क्षेत्र में सुख-समृद्धि तथा निरंतर विकास की कामना की।

महाअष्टमी के अवसर पर दुर्गा पूजा पंडाल में श्रद्धालुओं की चहल-पहल बनी रही। भक्तिमय वातावरण के बीच माता दुर्गा की आराधना और संध्या आरती में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसी दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष विनयशील ने पूजा पंडाल पहुंचकर मां दुर्गा के दर्शन किए। उन्होंने पूजा समितियों के पदाधिकारियों और स्थानीय श्रद्धालुओं से मुलाकात कर उन्हें दुर्गा पूजा की शुभकामनाएं दीं। 

इस अवसर पर विनयशील ने दुर्गा पूजा के आयोजन में जुटे समिति के सदस्यों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में आस्था, सद्भाव और आपसी भाईचारे को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। नवरात्र जैसे पर्व लोगों को एक साथ जोड़ने के साथ ही समाज में सकारात्मकता और सहयोग की भावना को भी बढ़ावा देते हैं।

दुर्गा पूजा पंडाल में संध्या आरती में शामिल होने के बाद नगर पंचायत अध्यक्ष विनयशील जनसेवा अभेद आश्रम, नारायणपुर पहुंचे। यहां उन्होंने दर्शन किए और आरती में शामिल होकर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान उनके साथ कुनकुरी के पंकज गुप्ता ,नीरज पारीक ,जयंत लकड़ा ,सचिन बंग,रोहित राज किस्पोट्टा ,अमिस जिंदल भी मौजूद रहे। सभी ने एक साथ पूजा पंडाल पहुंचकर मां दुर्गा के दर्शन किए और धार्मिक कार्यक्रमों में सहभागिता निभाई।

नवरात्र में भक्तिमय हुआ नारायणपुर

नवरात्र पर्व के चलते इन दिनों नारायणपुर में भक्तिमय माहौल देखने को मिल रहा है। विभिन्न पूजा पंडालों में मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित कर विधिवत पूजा-अर्चना की जा रही है। सुबह से लेकर देर शाम तक श्रद्धालु माता के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। संध्या आरती के दौरान पूजा पंडालों में विशेष उत्साह दिखाई दे रहा है। श्रद्धालु मां दुर्गा से अपने परिवार की सुख-समृद्धि, समाज में शांति और क्षेत्र की उन्नति की प्रार्थना कर रहे हैं।

Leave Your Comment

Click to reload image