नारायणपुर में शारदीय नवरात्र की धूम, मां दुर्गा की संध्या महाआरती में उमड़ रहा श्रद्धालुओं का जनसैलाब, महिलाओं की सबसे अधिक भागीदारी से भक्तिमय हो रहा माहौल
नारायणपुर । नारायणपुर में शारदीय नवरात्र पर्व पूरे भक्तिभाव और धूमधाम के साथ मनाया जा रहा है। मां दुर्गा की आराधना के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं का पंडाल में पहुंचना शुरू हो जाता है। वहीं, संध्या आरती के समय पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठता है। आरती में बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल होकर मां दुर्गा की पूजा-अर्चना करते हैं। खास बात यह है कि संध्या आरती के दौरान पुरुषों की अपेक्षा महिलाओं की भागीदारी अधिक देखने को मिल रही है।
नारायणपुर स्थित मां दुर्गा पंडाल में रविवार को विधि-विधान के साथ कलश स्थापना कर शारदीय नवरात्र की शुरुआत की गई। कलश स्थापना के साथ ही मां दुर्गा की नियमित पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान प्रारंभ हो गए। प्रतिदिन सुबह 9 बजे से आचार्यों और यजमानों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-पाठ एवं दुर्गा पाठ कराया जा रहा है, जो लगातार शाम 4 बजे तक चलता है। धार्मिक अनुष्ठानों के दौरान श्रद्धालु पूरी श्रद्धा के साथ मां दुर्गा की आराधना कर रहे हैं।
संध्या महाआरती में उमड़ते हैं श्रद्धालु
नारायणपुर के दुर्गा पंडाल में संध्या आरती विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। शाम होते ही आरती में शामिल होने के लिए ग्रामीणों का पहुंचना शुरू हो जाता है। आरती के समय पंडाल में बड़ी संख्या में श्रद्धालु एकत्रित होते हैं। मां दुर्गा की आरती, भक्ति और जयकारों से पूरा परिसर गूंज उठता है। सामूहिक आरती में महिलाओं की उल्लेखनीय भागीदारी धार्मिक उत्साह को और बढ़ा रही है।
नवरात्र के दौरान प्रतिदिन श्रद्धालुओं के बीच अलग-अलग प्रकार का प्रसाद वितरित किया जा रहा है। इससे पूजा में शामिल होने वाले भक्तों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। सुबह से लेकर शाम तक चलने वाले धार्मिक अनुष्ठानों और संध्या की सामूहिक आरती ने नारायणपुर में नवरात्र का माहौल पूरी तरह भक्तिमय बना दिया है।
