जशपुर-कुनकुरी में पेयजल व्यवस्था के विस्तार पर 130.26 करोड़ रुपये खर्च करेगी सरकार, 152 किलोमीटर पाइपलाइन विस्तार के साथ बनेंगे ओवरहेड टैंक और वाटर ट्रीटमेंट प्लांट
जशपुरनगर, 03 अक्टूबर 2026/ कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने सोमवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में अमृत मिशन 2.0 के तहत जशपुर और कुनकुरी नगरीय क्षेत्रों में स्वीकृत कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। केंद्र सरकार की प्रमुख योजना अमृत मिशन 2.0 के तहत जशपुर और कुनकुरी नगरीय क्षेत्रों में जल आपूर्ति व्यवस्था के विस्तार एवं सुदृढ़ीकरण के लिए लगभग 130.26 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं। कलेक्टर ने स्वीकृत सभी कार्यों को गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
*जशपुर में 86.99 करोड़ रुपये से होंगे कार्य*
नगरपालिका जशपुर के अधिकारियों ने बताया कि नगरीय क्षेत्र में जल आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए अमृत मिशन 2.0 के तहत लगभग 86.99 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके अंतर्गत 5 ओवरहेड टैंक, एक वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण और 102 किलोमीटर पाइपलाइन का विस्तार सहित अन्य कार्य किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि कार्यादेश जारी हो चुका है और सर्वे का कार्य भी पूरा कर लिया गया है। जल्द ही निर्माण कार्य शुरू किए जाएंगे।
*कुनकुरी में 43.27 करोड़ रुपये से बढ़ेगी जल आपूर्ति क्षमता*
इसी तरह कुनकुरी नगर पंचायत में जल आपूर्ति व्यवस्था के विस्तार के लिए इस योजना के तहत लगभग 43.27 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। योजना के तहत 50 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन का विस्तार, 940 किलोलीटर क्षमता के ओवरहेड टैंक का निर्माण और फिल्टर प्लांट की स्थापना सहित अन्य कार्य किए जाएंगे। बैठक में नगरपालिका जशपुर के मुख्य नगरपालिका अधिकारी श्री योगेश्वर उपाध्याय सहित नगरपालिका जशपुर एवं नगर पंचायत कुनकुरी के अधिकारीगण उपस्थित थे।
