गौ तस्करी के खिलाफ जशपुर पुलिस का बड़ा एक्शन, पुलिस को देखकर भागी पिकअप पलटी, चार गौवंश मुक्त, आरोपी गिरफ्तार
ताजा खबरें


बड़ी खबर

गौ तस्करी के खिलाफ जशपुर पुलिस का बड़ा एक्शन, पुलिस को देखकर भागी पिकअप पलटी, चार गौवंश मुक्त, आरोपी गिरफ्तार

जशपुर। जशपुर जिले में गौ तस्करी और पशु क्रूरता के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में लोदाम थाना क्षेत्र में पुलिस ने ऑपरेशन शंखनाद के तहत कार्रवाई करते हुए पिकअप वाहन में भरकर ले जाए जा रहे चार गौवंशों को मुक्त कराया है। मामले में झारखंड निवासी 24 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने गौवंशों के परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे पिकअप वाहन क्रमांक JH-13F-1745 को भी जब्त कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 11 और 12 अक्टूबर की दरमियानी रात लोदाम थाना पुलिस की टीम रात्रि गश्त पर थी। इसी दौरान 12 अक्टूबर की सुबह करीब 3 बजे मुखबिर से सूचना मिली कि जशपुर की ओर से एक पिकअप वाहन में गौवंशों को भरकर झारखंड की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया और पुलिस टीम ने नेशनल हाईवे पर पतराटोली के पास संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू कर दी।

इसी दौरान सुबह करीब 4 बजे जशपुर की ओर से एक संदिग्ध पिकअप वाहन आता दिखाई दिया। पुलिस टीम ने वाहन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक वाहन रोकने के बजाय तेज रफ्तार से भागने लगा। संदेह होने पर पुलिस टीम ने तत्काल वाहन का पीछा शुरू कर दिया। पुलिस को पीछे आता देख चालक ने भलमंडा के पास नेशनल हाईवे पर वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिससे पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई।

घटना के बाद पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और वाहन चालक को हिरासत में ले लिया। पिकअप की तलाशी लेने पर उसमें चार गौवंश लोड मिले। पुलिस ने सभी गौवंशों को सुरक्षित बाहर निकालकर मुक्त कराया। इसके बाद पशु चिकित्सक से उनका स्वास्थ्य परीक्षण भी कराया गया।

पूछताछ के दौरान आरोपी की पहचान झारखंड के गुमला जिले के कोटमा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पनसो निवासी 24 वर्षीय नजरुल अंसारी के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी से गौवंशों के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका। इसके बाद पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए थाना लोदाम में अपराध क्रमांक 44/2026 के तहत छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 की धारा 4, 6 एवं 10 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11(1)(क)(घ) के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की।

पुलिस के अनुसार, मामले में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार किया गया। गौ तस्करी में प्रयुक्त पिकअप वाहन को भी जब्त कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी लोदाम निरीक्षक कृष्ण कुमार साहू, सहायक उप निरीक्षक बालकृष्ण भगत तथा आरक्षक बूटा सिंह, जगजीवन यादव और जशवंत मिंज की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि जशपुर पुलिस गौ तस्करी और पशु क्रूरता के विरुद्ध लगातार कार्रवाई कर रही है। जिले में इस प्रकार की अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।

Leave Your Comment

Click to reload image