अक्स गरबा महोत्सव में भक्ति और नृत्य का संगम, चार दिवसीय आयोजन में प्रतिभागियों पर होगी पुरस्कारों की बारिश
जशपुरनगरः शहर के श्रीहरि कीर्तन भवन में आयोजित अक्स गरबा महोत्सव में इस बार देश के प्रसिद्व भजन गायक भक्ति संगीत की प्रस्तुती देगें। इसके साथ ही आयोजकों की ओर से प्रतिभागियों के लिए विशेष आकर्षक पुरस्कारों की व्यवस्था भी की गई है। इस चार दिवसीय गरबा उत्सव के लिए इन दिनों पूर्वाभ्यास पूरे जोर-शोर से चल रहा है। आयोजक समिति के किशोरी लाल बरेठा ने बताया कि चार दिवसीय गरबा महोत्सव का आयोजन 16 से 19 अक्टूबर तक किया जाएगा। इसके लिए आयोजन स्थल को तैयार करने में कार्यकर्ता जुटे हुए है। उन्होनें बताया कि आयोजन में उमड़ने वाले दर्शकों की भीड़ और प्रतिभागियों की संख्या को देखते हुए,आयोजन स्थल पर लाईट,साउंड,पानी और सुरक्षा के पुख्ता व्यवस्था समिति की ओर से की जा रही है।
*भक्ति संगीत की गूंजेगी मधुर धुन*
अक्स गरबा महोत्सव में इस बार भी देश के प्रसिद्व कलाकार भक्ति संगीत की प्रस्तुती देगें। समिति के संयोजक तरूण शर्मा और सुनिल सिन्हा ने बताया कि टीवी में आने वाले प्रसिद्व संगीत कार्यक्रम सुर संग्राम की विजेता अर्चना गोस्वामी के साथ शुभम भास्कर और महाराष्ट्र के मुंबई से तत्शा गुप्ता की सुरली स्वरों से भक्ति संगीत की महफील सजेगी। इन दिग्गज कलाकारों के नाम की घोषणा होने के साथ ही शहरवासियों में गरबा उत्सव को लेकर उत्सुकता देखी जा रही है।
*प्रतिभागियों पर होगी पुरस्कारों की बारिश*
गरबा उत्सव के लिए इन दिनों संगीतमय पूर्वाभ्यास श्रीहरि कीर्तन भवन के प्रांगण में चल रहा है। प्रशिक्षण की जिम्मेदारी सम्हाल रही गायत्री और मिष्ठी गुप्ता ने बताया कि अब तक 650 प्रतिभागियों का पंजियन समिति में किया जा चुका है। पंजियन की प्रक्रिया जारी है। शाम पांच से रात के आठ बजे तक चलने वाले इस अभ्यास सत्र में प्रतिभागी पूरे उत्साह से शामिल हो रहे हैं। प्रशिक्षकों की टीम प्रतिभागियों को गरबा के स्टेप्स और धुन के साथ कदम ताल मिलाने की बारिकियां सीखा रहे हैं। उन्होनें बताया कि इस बार समिति की ओर से सर्वश्रेष्ठ नृत्य करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार के रूप में दो स्कूटी दिया जाएगा।
