तम्बाकछार स्कूल में सेवानिवृत्त प्रधान पाठक किशोर केरकेट्टा का सम्मान, वर्षों तक शिक्षा की अलख जगाने वाले शिक्षक को दी गई भावभीनी विदाई
नारायणपुर (जशपुर)। शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला तम्बाकछार, संकुल भीतघरा, विकासखंड बगीचा में प्रधान पाठक श्री किशोर केरकेट्टा के सेवानिवृत्त होने पर सम्मानपूर्वक विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संकुल के प्राचार्य श्री महेश केरकेट्टा तथा बीआरसी कार्यालय से एम.आई.एस. श्रीमती ममता शर्मा की विशेष उपस्थिति रही। वहीं संकुल समन्वयक श्री कविराज यादव ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
समारोह में श्री किशोर केरकेट्टा के दीर्घ शैक्षणिक सेवाकाल, कर्तव्यनिष्ठा एवं विद्यार्थियों के प्रति उनके समर्पण को याद किया गया। उन्होंने अपने सेवाकाल के दौरान बच्चों को शिक्षा देने के साथ-साथ उनमें संस्कार, अनुशासन और जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा देने का कार्य किया। विद्यालय एवं शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान को उपस्थित शिक्षकों ने सराहा तथा उनके कार्यकाल को प्रेरणादायी बताया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित शिक्षकों ने श्री केरकेट्टा के साथ बिताए गए अनुभवों को साझा करते हुए उनके स्वस्थ, सुखमय एवं मंगलमय भविष्य की कामना की। भावुक माहौल में उन्हें सम्मानपूर्वक विदाई दी गई।
इस अवसर पर संकुल के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। सभी ने श्री किशोर केरकेट्टा के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में उनके द्वारा किए गए कार्य और विद्यार्थियों के प्रति उनका समर्पण सदैव स्मरणीय रहेगा।
श्री किशोर केरकेट्टा की सेवाएं शिक्षा जगत के लिए प्रेरणास्रोत रहेंगी तथा उनका योगदान आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरित करता रहेगा।
