नारायणपुर में अचानक बदले मौसम के बीच आकाशीय बिजली का कहर, पेड़ के नीचे बारिश से बचने खड़े किसान के बैल की मौके पर मौत, कृषि कार्य के समय पशु की मौत से किसान के सामने खड़ा हुआ संकट
नारायणपुर। ग्राम पंचायत नारायणपुर के आश्रित ग्राम चारभाटी में मंगलवार दोपहर अचानक मौसम बदलने के बाद तेज आंधी-तूफान और बारिश शुरू हो गई। इसी दौरान आकाशीय बिजली गिरने से एक किसान के बैल की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद किसान परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 12 बजे चारभाटी स्थित हनुमान चबूतरा के समीप बारिश से बचने के लिए बड़ी संख्या में गाय-बैल पेड़ के नीचे खड़े थे। इसी दौरान तेज आंधी-तूफान के साथ बारिश शुरू हुई। पेड़ से सटकर खड़े एक बैल पर अचानक आकाशीय बिजली गिर गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पशुमालिक विजय ने बताया कि मृत बैल उसका पालतू पशु था और कृषि कार्य में उपयोग होता था। किसान के पास खेती-किसानी के लिए बैलों के अलावा कोई दूसरा साधन नहीं है। ऐसे में बैल की मौत से उसे आर्थिक नुकसान के साथ कृषि कार्य प्रभावित होने की चिंता भी सताने लगी है।
घटना की जानकारी ग्रामीणों द्वारा संबंधित विभाग को दे दी गई है। किसानों ने प्रशासन से प्राकृतिक आपदा के तहत उचित सहायता एवं मुआवजा प्रदान करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि कृषि कार्य के महत्वपूर्ण समय में इस तरह की घटना किसान के लिए बड़ी परेशानी खड़ी कर देती है।
