खाली बोतलों की आड़ में गांजे की बड़ी खेप, उड़ीसा बॉर्डर बैरियर में फिर खुला तस्करी का खेल; 6 क्विंटल 32 किलो गांजा बरामद, 3.41 करोड़ की जप्ती के साथ यूपी का आरोपी गिरफ्तार
ताजा खबरें


बड़ी खबर

खाली बोतलों की आड़ में गांजे की बड़ी खेप, उड़ीसा बॉर्डर बैरियर में फिर खुला तस्करी का खेल; 6 क्विंटल 32 किलो गांजा बरामद, 3.41 करोड़ की जप्ती के साथ यूपी का आरोपी गिरफ्तार

जशपुर। उड़ीसा सीमा से होने वाली गांजा तस्करी के खिलाफ जशपुर पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए लावाकेरा चेकिंग बैरियर पर टाटा आईसर ट्रक से 632 किलो 380 ग्राम गांजा बरामद किया है। तस्करों ने पुलिस को चकमा देने के लिए गांजे को खाली बोतलों से भरी बोरियों के नीचे छिपाकर रखा था। पुलिस ने मौके से उत्तर प्रदेश के एक आरोपी को गिरफ्तार करते हुए गांजा, तस्करी में प्रयुक्त ट्रक, मोबाइल और नगदी सहित कुल 3 करोड़ 41 लाख 47 हजार रुपये की जप्ती की है।

पुलिस के अनुसार, सरगुजा रेंज के आईजी दीपक कुमार झा के निर्देश पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने उड़ीसा सीमा से जिले में प्रवेश करने वाले संदिग्ध वाहनों पर निगरानी और चेकिंग बढ़ा दी है।

इसी क्रम में 4 अक्टूबर की सुबह करीब 10 बजे लावाकेरा पुलिस चेकिंग बैरियर पर एंटी नारकोटिक्स टीम और थाना तपकरा पुलिस की संयुक्त टीम उड़ीसा की ओर से आने वाले वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान टाटा आईसर ट्रक क्रमांक UP-47-AT-9839 को संदेह के आधार पर रोका गया। तलाशी के दौरान ट्रक के ऊपर खाली बोतलों की शीशियों से भरी बोरियां रखी मिलीं। पुलिस ने जब इन बोरियों को हटाकर नीचे रखी बोरियों की जांच की तो पूरा मामला सामने आ गया।

नीचे रखी बोरियों में टेप से लिपटे पैकेट मिले। जांच करने पर इनमें गांजा पाया गया। गवाहों की मौजूदगी में की गई कार्रवाई में कुल 20 बोरियों से 597 पैकेट गांजा बरामद हुआ, जिसका वजन 632 किलो 380 ग्राम निकला।

ट्रक में मौजूद व्यक्ति से पुलिस ने गांजे से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पूछताछ में उसकी पहचान विनोद कुमार गुप्ता (42 वर्ष), निवासी ग्राम बेरिया खलीलपुर, थाना देहात कोतवाली, जिला बहराईच, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने बताया कि वह गांजा उड़ीसा से लेकर उत्तर प्रदेश जा रहा था।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 632.380 किलो गांजा, टाटा आईसर ट्रक, दो मोबाइल फोन और 3 हजार रुपये नगद जब्त किए हैं। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 3 करोड़ 16 लाख 19 हजार रुपये, ट्रक की कीमत करीब 25 लाख रुपये और मोबाइल की कीमत करीब 25 हजार रुपये बताई गई है। नगदी समेत कुल जप्ती 3 करोड़ 41 लाख 47 हजार रुपये की है।

मामले में थाना तपकरा में अपराध क्रमांक 87/2026, धारा 20(बी)(ii)(सी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा उड़ीसा में कहां से खरीदा गया था और उत्तर प्रदेश में इसे किसे पहुंचाया जाना था। तस्करी के पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।

खास बात यह है कि दो दिन के भीतर लावाकेरा में जशपुर पुलिस की यह दूसरी बड़ी गांजा कार्रवाई है। इससे पहले 2 अक्टूबर को एंटी नारकोटिक्स टीम और थाना तपकरा पुलिस ने एक टाटा आईसर मिनी ट्रक से 440.630 किलो गांजा बरामद कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया था। लगातार दो बड़ी कार्रवाइयों से उड़ीसा सीमा से होने वाली मादक पदार्थों की तस्करी पर पुलिस की निगरानी और सख्ती साफ दिखाई दे रही है।

कार्रवाई में डीएसपी शुभम तिवारी, एसडीओपी कुनकुरी विनोद कुमार मंडावी, थाना प्रभारी तपकरा निरीक्षक त्रिलोक प्रधान सहित एंटी नारकोटिक्स टीम और थाना तपकरा पुलिस के अधिकारियों-कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने बताया कि लावाकेरा बैरियर पर पुलिस की सतर्कता और बेहतर समन्वय से छह क्विंटल से अधिक गांजा पकड़ा गया है। मामले में तस्करी के पूरे नेटवर्क की एंड-टू-एंड जांच की जा रही है और जो भी व्यक्ति संलिप्त पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई में शामिल पुलिसकर्मियों को नगद पारितोषिक से पुरस्कृत करने की बात भी कही गई है।

Leave Your Comment

Click to reload image