एक ही छत के नीचे ग्रामीणों को मिली कई सरकारी सेवाओं की सुविधा, नारायणपुर के सेवा सेतु शिविर में 53 आवेदन हुए निराकृत, स्वास्थ्य शिविर में डॉक्टरों ने की जांच, जनप्रतिनिधियों ने योजनाओं का लाभ लेने किया प्रेरित
नारायणपुर। ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं और विभागीय सेवाओं का लाभ उनके गांव और घर के नजदीक उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सेवा संकल्प अभियान के तहत “सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार” का आयोजन कुनकुरी विकासखंड के ग्राम पंचायत नारायणपुर स्थित जनपद पूर्व माध्यमिक शाला परिसर में किया गया। कलेक्टर श्री रोहित व्यास के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर में विभिन्न विभागों ने अपने-अपने स्टॉल लगाए और ग्रामीणों की समस्याएं सुनते हुए मौके पर ही आवेदन प्राप्त किए। शिविर में कुल 53 आवेदन प्राप्त हुए, जिनका मौके पर ही निराकरण किया गया। इससे ग्रामीणों को संबंधित विभागों के कार्यालयों तक जाने की जरूरत नहीं पड़ी और उन्हें शिविर स्थल पर ही योजनाओं तथा सेवाओं का लाभ मिला।
शिविर में 11 बजे से ही ग्रामीण पहुंचने लगे थे। अलग-अलग विभागों के लिए लगाए गए स्टॉलों में ग्रामीणों ने अपनी आवश्यकताओं के अनुसार पहुंचकर योजनाओं की जानकारी ली तथा पात्रता के आधार पर लाभ लेने के लिए आवेदन भी प्रस्तुत किए। विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा ग्रामीणों को शासन की विभिन्न योजनाओं, पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और मिलने वाले लाभ के संबंध में जानकारी दी गई। प्राप्त आवेदनों का संबंधित अधिकारियों द्वारा मौके पर परीक्षण कर निराकरण किया गया।
एक ही परिसर में कई विभागों की सेवाएं मिलने से ग्रामीणों को मिली राहत
सेवा सेतु शिविर में राजस्व, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, लोक निर्माण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, शिक्षा, वन, समाज कल्याण, विद्युत, जल संसाधन, कृषि एवं उद्यानिकी, श्रम, मत्स्य पालन, अंत्यावसायी, उद्योग एवं व्यापार केंद्र, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, महिला एवं बाल विकास तथा पशुधन विभाग सहित अनेक विभागों के स्टॉल लगाए गए थे। ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं और जरूरतों के अनुसार संबंधित विभाग के स्टॉल पर पहुंचकर जानकारी प्राप्त की। विभागीय अधिकारियों ने मौके पर ही आवश्यक प्रक्रिया पूरी करते हुए ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान करने का प्रयास किया।
सेवा सेतु के साथ लगा मेगा स्वास्थ्य शिविर
शिविर स्थल पर सेवा सेतु अभियान के साथ मेगा स्वास्थ्य शिविर भी आयोजित किया गया। इसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने ग्रामीणों की जांच कर उन्हें आवश्यक उपचार एवं स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया। शिविर में बीपी, शुगर सहित विभिन्न स्वास्थ्य जांच की गई। ग्रामीणों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करते हुए समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण कराने और चिकित्सकों की सलाह के अनुसार उपचार लेने की जानकारी भी दी गई।
जनप्रतिनिधियों ने किया विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण
शिविर में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने केंद्र की मोदी सरकार और राज्य की विष्णु देव साय सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी। उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि शासन द्वारा गरीब, किसान, महिला, युवा, श्रमिक, बुजुर्ग और जरूरतमंद परिवारों के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। पात्र हितग्राहियों को इन योजनाओं का लाभ लेने के लिए आगे आना चाहिए। जनप्रतिनिधियों ने अधिकारियों से यह भी कहा कि पात्रता रखने वाला कोई भी व्यक्ति सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे और आवेदन प्राप्त होने के बाद उसके निराकरण की प्रक्रिया समय पर पूरी की जाए।
जनप्रतिनिधियों ने शिविर में लगाए गए विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से ग्रामीणों से प्राप्त आवेदनों की जानकारी ली और उनके निराकरण की स्थिति भी देखी। शिविर में ग्रामीणों द्वारा बताई गई समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
सरकारी कार्यालयों के चक्कर से राहत देने की पहल
सेवा सेतु अभियान का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सरकारी कार्यालयों तक बार-बार जाने की परेशानी से राहत दिलाना है। अलग-अलग विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होने से ग्रामीणों को अपनी समस्याओं और जरूरतों के लिए अलग-अलग कार्यालयों में जाने की आवश्यकता नहीं पड़ती। शिविर के माध्यम से उन्हें योजनाओं की जानकारी, आवेदन की सुविधा और समस्याओं के समाधान का अवसर एक ही स्थान पर मिल रहा है।
नारायणपुर में आयोजित शिविर का उद्देश्य देखने को मिला, जहां विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी ग्रामीणों के बीच मौजूद रहे। ग्रामीणों ने विभागीय स्टॉलों पर पहुंचकर अपनी समस्याएं बताईं और योजनाओं से संबंधित जानकारी प्राप्त की। प्राप्त 53 आवेदनों का मौके पर निराकरण होने से ग्रामीणों को तत्काल राहत मिली।
शिविर में जनपद अध्यक्ष श्रीमती सुशीला साय, जनपद उपाध्यक्ष बालेश्वर यादव, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती मलिता,श्रीमती अनिता सिंह, जनपद सदस्य श्रीमती शोभा देवी बंग,जिला भाजपा उपाध्यक्ष उपेन्द्र यादव, श्रीमती संतोषी वन्दे,भाजपा महिला उपाध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष उमेश यादव, मो असलम आजाद,जनपद सदस्य संजय बंग, सरपंच श्रीमती मुक्तिलता प्रधान, उप सरपंच नवरतन बंग, सरपंच श्रीमती मेरी गुलाब, सरिता अंगिरा, कु. प्रेरणा भगत, श्रीमती निशा केरकेट्टा सहित जनपद के विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, पंचायत सचिव एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
