प्यार और शादी का झांसा देकर 17 वर्षीय नाबालिग को घर से ले गया युवक, तपकरा पुलिस ने आरोपी के घर दबिश देकर बालिका को सकुशल बरामद किया,आरोपी गिरप्तार
ताजा खबरें


बड़ी खबर

प्यार और शादी का झांसा देकर 17 वर्षीय नाबालिग को घर से ले गया युवक, तपकरा पुलिस ने आरोपी के घर दबिश देकर बालिका को सकुशल बरामद किया,आरोपी गिरप्तार

जशपुर। जशपुर जिले के तपकरा थाना क्षेत्र में 17 वर्षीय नाबालिग बालिका को प्यार और शादी का झांसा देकर अपने साथ ले जाने तथा उसके साथ दुष्कर्म करने के मामले में पुलिस ने 25 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने नाबालिग बालिका को आरोपी के घर से सकुशल बरामद कर आवश्यक कार्रवाई के बाद उसके परिजनों को सौंप दिया है। आरोपी के विरुद्ध बीएनएस की धारा 137(2), 64(1), 87 तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 4 के तहत कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान निरोज टोप्पो, उम्र 25 वर्ष के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, 28 जून 2026 को तपकरा थाना क्षेत्र के एक ग्राम निवासी की 17 वर्षीय पुत्री अपनी सहेली के घर मेहमान जाने की बात कहकर घर से निकली थी। इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटी। परिजनों ने अपने स्तर पर आसपास के क्षेत्रों सहित संभावित स्थानों पर उसकी लगातार तलाश की, लेकिन बालिका का पता नहीं चल सका। इसके बाद परिजनों ने किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर बालिका को भगाकर ले जाने की आशंका जताते हुए 10 जुलाई 2026 को थाना तपकरा में रिपोर्ट दर्ज कराई।

रिपोर्ट के आधार पर थाना तपकरा में अपराध क्रमांक 48/2026 दर्ज कर बीएनएस की धारा 137(2) के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया। पुलिस ने नाबालिग बालिका की तलाश शुरू करने के साथ ही मामले की विवेचना भी प्रारंभ कर दी।

पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जशपुर के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी कुनकुरी के पर्यवेक्षण में थाना तपकरा पुलिस लगातार बालिका की पतासाजी में जुटी रही। विवेचना के दौरान पुलिस को मुखबिर तंत्र और परिजनों के सहयोग से महत्वपूर्ण जानकारी मिली कि नाबालिग बालिका तपकरा थाना क्षेत्र में ही आरोपी निरोज टोप्पो के घर में मौजूद है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल आरोपी के घर दबिश दी। पुलिस ने वहां से नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद कर लिया और आरोपी निरोज टोप्पो को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान नाबालिग बालिका ने पुलिस को बताया कि आरोपी उसे प्यार और शादी का झांसा देकर अपने साथ ले गया था। बालिका के बयान तथा विवेचना में सामने आए तथ्यों के आधार पर आरोपी के विरुद्ध दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट की धाराएं जोड़ी गईं।

मामले की विवेचना के दौरान आरोपी के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया है। वहीं नाबालिग बालिका को आवश्यक कार्रवाई के बाद सकुशल उसके परिजनों को सौंप दिया गया।

पुलिस ने बताया कि नाबालिग बालिका की तलाश, बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी निरीक्षक त्रिलोक प्रधान, सउनि राजनाथ भगत, प्रधान आरक्षक अजय कुमार लकड़ा, प्रधान आरक्षक श्रीराम नायक, महिला आरक्षक मंजु यादव, आरक्षक पुनित साय, आरक्षक बृषिकेशन पैंकरा एवं सैनिक बसंत नायक की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि तपकरा थाना क्षेत्र में नाबालिग बालिका को शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने के आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया है। बालिका को सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया गया है। उन्होंने कहा कि जशपुर पुलिस बालिकाओं एवं महिलाओं से संबंधित अपराधों को लेकर संवेदनशील है और ऐसे मामलों में आरोपियों के विरुद्ध त्वरित एवं प्रभावी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave Your Comment

Click to reload image