नशामुक्त और स्वस्थ बगीचा के संकल्प के साथ निकला वॉकथॉन, ‘सेवा मेरा योगदान’ अभियान में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, कार्यकर्ताओं और विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर की सहभागिता
ताजा खबरें


बड़ी खबर

नशामुक्त और स्वस्थ बगीचा के संकल्प के साथ निकला वॉकथॉन, ‘सेवा मेरा योगदान’ अभियान में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, कार्यकर्ताओं और विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर की सहभागिता

नारायणपुर । ‘सेवा मेरा योगदान’ अभियान के तहत रविवार को बगीचा नगर में वॉकथॉन का आयोजन किया गया। तहसील चौक से बस स्टैंड तक आयोजित इस वॉकथॉन में जनपद पंचायत बगीचा के उपाध्यक्ष अरविन्द गुप्ता सहित जनप्रतिनिधियों, भाजपा कार्यकर्ताओं, प्रशासनिक अधिकारियों, छात्र-छात्राओं और नगरवासियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। वॉकथॉन के माध्यम से लोगों को नशे से दूर रहने तथा स्वच्छ, स्वस्थ और जागरूक समाज के निर्माण का संदेश दिया गया।

वॉकथॉन की शुरुआत तहसील चौक से हुई, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। प्रतिभागियों ने नगर में पैदल मार्च करते हुए नशामुक्ति, स्वच्छता और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति लोगों को जागरूक किया। आयोजन के दौरान युवाओं और विद्यार्थियों की विशेष भागीदारी रही। वॉकथॉन के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि समाज को नशामुक्त बनाने के लिए केवल प्रशासनिक प्रयास ही पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि इसमें आम नागरिकों की भागीदारी भी जरूरी है।

कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष प्रभात सिदाम, जिला महामंत्री मुकेश शर्मा, पूर्व भाजपा जिला उपाध्यक्ष शंकर गुप्ता, मंडल महामंत्री राजकिशोर जायसवाल सहित महिला मोर्चा, युवा मोर्चा, पार्षदगण एवं एल्डरमैन मौजूद रहे। इसके अलावा बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिकों ने भी वॉकथॉन में हिस्सा लिया।

वहीं प्रशासन की ओर से नायब तहसीलदार, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO), विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO) बगीचा सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी कार्यक्रम में शामिल हुए। छात्र-छात्राओं ने भी उत्साह के साथ वॉकथॉन में भाग लेकर नशामुक्ति और स्वस्थ समाज के संदेश को आगे बढ़ाया।

इस अवसर पर जनपद पंचायत बगीचा के उपाध्यक्ष अरविन्द गुप्ता ने कहा कि नशामुक्त एवं स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए जनभागीदारी बेहद जरूरी है। समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए स्वच्छता, स्वास्थ्य और सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में योगदान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखकर उन्हें शिक्षा, खेल और सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना समाज के लिए महत्वपूर्ण है।

वॉकथॉन के दौरान प्रतिभागियों ने लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए स्वस्थ जीवन अपनाने का संदेश दिया। आयोजन के माध्यम से नगरवासियों को स्वच्छता बनाए रखने और सामाजिक जिम्मेदारियों में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए भी प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम का मुख्य संदेश रहा— “सेवा ही संकल्प है, सेवा ही हमारा योगदान है।” ‘सेवा मेरा योगदान’ अभियान के तहत आयोजित इस वॉकथॉन ने बगीचा में सामाजिक जागरूकता और जनभागीदारी का संदेश दिया।

Leave Your Comment

Click to reload image