संकल्प कुनकुरी के बच्चों ने रचा सफलता का नया इतिहास, मेडिकल और इंजीनियरिंग के देश के प्रतिष्ठित संस्थानों में चयन से बढ़ाया जशपुर का गौरव
जशपुर। वर्ष 2020 में शुरू हुए संकल्प शिक्षण संस्थान कुनकुरी ने स्थापना के बाद से ही बोर्ड परीक्षाओं के साथ-साथ मेडिकल और इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षाओं में भी लगातार बेहतर प्रदर्शन किया है। संस्थान के विद्यार्थियों ने राज्य प्रवीण्य सूची में स्थान बनाने के साथ देश के प्रतिष्ठित मेडिकल एवं इंजीनियरिंग संस्थानों में प्रवेश हासिल कर कुनकुरी और जशपुर जिले का नाम रोशन किया है।
संस्थान के अब तक आठ विद्यार्थी कक्षा 10वीं बोर्ड परीक्षा के टॉपर बन चुके हैं, जबकि एक छात्रा ने कक्षा 12वीं में टॉप किया है। वर्ष 2024 में कक्षा 12वीं पास करने वाले प्रथम बैच की छात्रा असिस्ता एक्का का चयन गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज रायगढ़ में एमबीबीएस के लिए हुआ था। वहीं अनिशा एक्का ने एनआईटी रायपुर के मैकेनिकल इंजीनियरिंग ब्रांच में प्रवेश हासिल किया था।
वर्ष 2025 बैच में भी संकल्प के विद्यार्थियों ने शानदार उपलब्धि हासिल की। देवेश पैंकरा का चयन जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज रायपुर में एमबीबीएस के लिए हुआ। आदित्य राज गुप्ता ने एनआईटी रायपुर के इलेक्ट्रॉनिक्स ब्रांच, रोशनदीप लकड़ा ने एनआईटी दुर्गापुर के कंप्यूटर साइंस ब्रांच, अर्जुन सिन्हा ने एनआईटी रायपुर के बायोटेक्नोलॉजी ब्रांच तथा आयुष पॉल मिंज ने एनआईटी रायपुर के बायोमेडिकल साइंस ब्रांच में चयन हासिल किया।
वर्ष 2026 बैच के विद्यार्थियों ने भी संस्थान की सफलता की परंपरा को आगे बढ़ाया है। इशांत खलखो का चयन इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ इनफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी नागपुर के लिए हुआ है। कांता पैंकरा का चयन गवर्नमेंट इंजीनियरिंग कॉलेज रायपुर के इलेक्ट्रिकल ब्रांच तथा सेजल कुजूर का चयन गवर्नमेंट इंजीनियरिंग कॉलेज के आईटी ब्रांच में हुआ है। इसके अलावा इस वर्ष के बैच के पांच विद्यार्थियों ने नीट परीक्षा में क्वालीफाई किया है। बेहतर रैंक हासिल करने के उद्देश्य से ये विद्यार्थी पुनः तैयारी कर रहे हैं।
संकल्प शिक्षण संस्थान के विद्यार्थियों की इस उपलब्धि में जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग के अधिकारियों के मार्गदर्शन के साथ संस्थान के प्राचार्य, शिक्षकों एवं कोचिंग शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। कलेक्टर जशपुर रोहित व्यास, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक कुमार, जिला शिक्षा अधिकारी नरेंद्र सिन्हा, कुनकुरी एसडीएम नंदजी पांडे, विकासखंड शिक्षा अधिकारी सुदर्शन पैंकरा, यशस्वी जशपुर के नोडल अधिकारी विनोद गुप्ता तथा संकल्प कुनकुरी के प्राचार्य वाईआर कैवर्त और सभी शिक्षकों ने विद्यार्थियों की सफलता पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
