दिवंगत आरक्षक के परिवार के लिए जशपुर पुलिस बनी सहारा, तेरहवीं के दिन घर पहुंचे डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह और पुत्र बोनी प्रसाद को सौंपा अनुकम्पा नियुक्ति पत्र—कहा, दुख की इस घड़ी में पूरा पुलिस परिवार साथ खड़ा है
ताजा खबरें


बड़ी खबर

दिवंगत आरक्षक के परिवार के लिए जशपुर पुलिस बनी सहारा, तेरहवीं के दिन घर पहुंचे डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह और पुत्र बोनी प्रसाद को सौंपा अनुकम्पा नियुक्ति पत्र—कहा, दुख की इस घड़ी में पूरा पुलिस परिवार साथ खड़ा है

जशपुर। पुलिस विभाग में सेवा देने वाले कर्मचारी को केवल एक कर्मचारी नहीं, बल्कि पुलिस परिवार का अभिन्न सदस्य मानने की संवेदनशील पहल जशपुर में देखने को मिली। एसडीओपी कार्यालय जशपुर में पदस्थ रहे दिवंगत आरक्षक देव नारायण सिंह के निधन के बाद उनके परिवार के प्रति पुलिस विभाग ने संवेदनशीलता दिखाते हुए उनके पुत्र बोनी प्रसाद सिंह को अनुकम्पा नियुक्ति प्रदान की है। खास बात यह रही कि दिवंगत आरक्षक की तेरहवीं के दिन डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह स्वयं उनके गृह ग्राम पहुंचे और उनके पुत्र को आरक्षक पद का नियुक्ति पत्र सौंपा।

बताया गया कि आरक्षक देव नारायण सिंह पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे। स्वास्थ्य खराब होने के कारण उन्हें उपचार के लिए रायपुर के बालाजी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान 11 सितंबर 2026 को उनका निधन हो गया। उनके निधन से परिवार के साथ-साथ जशपुर पुलिस विभाग में भी शोक की लहर दौड़ गई।

2007 में पुलिस सेवा में आए थे देव नारायण सिंह

दिवंगत आरक्षक देव नारायण सिंह की वर्ष 2007 में जिला पुलिस बल जशपुर में आरक्षक के पद पर नियुक्ति हुई थी। अपने सेवाकाल के दौरान उन्होंने पुलिस विभाग के विभिन्न महत्वपूर्ण स्थानों पर जिम्मेदारी निभाई। उन्होंने रक्षित केंद्र जशपुर, थाना सन्ना, सिटी कोतवाली जशपुर, एसडीओपी कार्यालय कुनकुरी और एसडीओपी कार्यालय जशपुर में अपनी सेवाएं दीं।

लंबे समय तक पुलिस विभाग में सेवाएं देने के बाद उनके असमय निधन से परिवार के सामने भविष्य की चिंता भी खड़ी हो गई थी। इसी स्थिति को देखते हुए डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने परिवार की स्थिति को गंभीरता से लेते हुए अनुकम्पा नियुक्ति से संबंधित विभागीय प्रक्रिया को प्राथमिकता के साथ तेजी से पूरा कराया।

तेरहवीं के दिन स्वयं घर पहुंचे पुलिस कप्तान, बेटे को सौंपा नियुक्ति पत्र

इसी क्रम में 23 सितंबर 2026 को दिवंगत आरक्षक देव नारायण सिंह की तेरहवीं के अवसर पर डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह उनके गृह ग्राम जुरतेला, पोस्ट पिलखी, थाना लोदाम पहुंचे। यहां उन्होंने शोकाकुल परिवार से मुलाकात की और दिवंगत आरक्षक के परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।

इस दौरान पुलिस कप्तान ने दिवंगत आरक्षक की आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की और परिवार को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की। इसके बाद उन्होंने दिवंगत आरक्षक के पुत्र बोनी प्रसाद सिंह को आरक्षक के पद पर अनुकम्पा नियुक्ति का नियुक्ति पत्र प्रदान किया।

तेरहवीं के दिन पुलिस कप्तान का स्वयं परिवार के बीच पहुंचना और नियुक्ति पत्र सौंपना पुलिस विभाग की संवेदनशीलता का संदेश भी माना गया।

Leave Your Comment

Click to reload image