श्री सर्वेश्वरी समूह के 66वें स्थापना दिवस पर जशपुर बना भक्ति और सेवा का केंद्र, गम्हरिया आश्रम से निकली प्रभातफेरी का नगरवासियों ने किया श्रद्धापूर्वक स्वागत, सतीचौरा में हुआ पूजन, विभिन्न आश्रमों में फहराए गए ध्वज, जिला चिकित्सालय में पौष्टिक आहार और धार्मिक स्थलों में बांटे गए झाड़ू
जशपुरनगर। श्री सर्वेश्वरी समूह का 66वां स्थापना दिवस समारोह 21 सितंबर को जशपुर में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर अघोपीठ गम्हरिया आश्रम से प्रातः 5.30 बजे सर्वेश्वरी महिला संगठन द्वारा सामूहिक आरती के बाद प्रभातफेरी निकाली गई। परमपूज्य अघोरेश्वर महाप्रभु के चित्र को फूल-मालाओं से सजाए गए वाहन में स्थापित किया गया था। प्रभातफेरी में दो पिकअप वाहनों में भजन-आरती और जयकारों की व्यवस्था के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु चारपहिया वाहनों के साथ शामिल हुए।
प्रभातफेरी गम्हरिया आश्रम से पैलेस रोड पहुंची, जहां जशपुर राज परिवार द्वारा आरती-पूजन किया गया। इसके बाद बांकी टोली होते हुए प्रभातफेरी जशपुर के मध्य स्थित सतीचौरा (सती उद्यान) पहुंची। यहां परमपूज्य अघोरेश्वर द्वारा स्थापित त्रिशूल का पूजन किया गया तथा जशपुरवासियों के मंगल की कामना करते हुए ध्वज स्थापित किया गया। भजन-कीर्तन करते हुए प्रभातफेरी सोगड़ा आश्रम पहुंची। यहां आदरणीय धनंजय बाबा द्वारा सर्वेश्वरी ध्वज फहराया गया। पूजन-आरती के बाद सद्ग्रंथ ‘सफलयोनि’ का पाठ किया गया और प्रसाद वितरण हुआ।
इसके बाद प्रभातफेरी की एक टोली अघोर टेकरी पहुंची, जहां ध्वज स्थापित किया गया। प्रभातफेरी का समापन गम्हरिया स्थित अघोपीठ आश्रम में हुआ। यहां ध्वज पूजन के बाद श्री कृष्ण कुमार ने सर्वेश्वरी ध्वज फहराया तथा श्री बृजनाथ सिंह ने ‘सफलयोनि’ सद्ग्रंथ का पाठ किया। नगर के विभिन्न स्थानों पर स्थानीय लोगों ने प्रभातफेरी का श्रद्धाभाव से स्वागत करते हुए पूजन-आरती की।
‘सफलयोनि’ ग्रंथ के पाठ के बाद आश्रम परिसर में लघु गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ श्री संतोष कुमार मिश्र ने मंगलाचरण के रूप में ‘गुरु पादुका पंचकम’ के सस्वर पाठ से किया। प्रथम वक्ता श्री चंद्रशेखर सिंह, प्राचार्य उच्चतर माध्यमिक विद्यालय शैला ने श्री सर्वेश्वरी समूह की स्थापना के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए वर्तमान समय में जीवनशैली को संयमित और सार्थक बनाए रखने की बात कही। छात्रा सुश्री अनुष्का उपाध्याय ने भी समूह के उद्देश्यों पर अपने विचार रखे।
सर्वेश्वरी महिला संगठन जशपुर की सक्रिय सदस्य श्रीमती अर्पिता दूबे ने कथनी के साथ करनी पर भी ध्यान देने की आवश्यकता बताई। वहीं संकुल समन्वयक, शिक्षा विभाग जशपुर श्री प्रवीण कुमार सिन्हा ने प्रकृति, समाज और राष्ट्र की सेवा को दैनिक जीवन की छोटी-छोटी आदतों और व्यवहार में शामिल करने की बात विस्तार से रखी। इसके बाद सोगड़ा आश्रम से पहुंचे श्री विनीत सिंह ने गुरु पर सुमधुर भजन प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के अंत में डॉ. अनिल कुमार श्रीवास्तव ने संस्था की ओर से आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले जशपुरवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया। गोष्ठी का संचालन श्री विद्यासागर उपाध्याय ने किया।
स्थापना दिवस के अवसर पर दोपहर में जिला चिकित्सालय में पौष्टिक आहार का वितरण किया गया। इसके अलावा मंदिर, मस्जिद और गिरिजाघरों में झाड़ू का वितरण कर स्वच्छता के प्रति सेवा भाव का संदेश दिया गया।
शाम को आरती के बाद श्री संतोष कुमार मिश्र के नेतृत्व में स्थानीय कलाकारों द्वारा भजन-संध्या का आयोजन किया गया, जो देर रात तक चला। इसमें गायक अक्षय सिंह शिवम, सौम्या सुरभि और शील आदित्य ने श्री संतोष कुमार मिश्र के साथ सुमधुर भजनों की प्रस्तुति दी। ढोलक पर श्री संतोष सोनी और चंद्रशेखर सिंह सहित अन्य कलाकारों ने संगत दी। पूरे आयोजन में श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों की सहभागिता रही।
