सेवा, समर्पण और मानवता के संदेश के साथ जनसेवा अभेद आश्रम नारायणपुर में मनाया गया श्री सर्वेश्वरी समूह का 66वां स्थापना दिवस
ताजा खबरें


बड़ी खबर

सेवा, समर्पण और मानवता के संदेश के साथ जनसेवा अभेद आश्रम नारायणपुर में मनाया गया श्री सर्वेश्वरी समूह का 66वां स्थापना दिवस

सेवा, समर्पण और मानवता के संदेश के साथ जनसेवा अभेद आश्रम नारायणपुर में मनाया गया श्री सर्वेश्वरी समूह का 66वां स्थापना दिवस

नारायणपुर, 21 सितंबर 2026। श्री सर्वेश्वरी समूह के 66वें स्थापना दिवस के अवसर पर सोमवार को जनसेवा अभेद आश्रम नारायणपुर में धार्मिक आस्था, सेवा, स्वच्छता और सामाजिक सद्भाव से जुड़े विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। स्थापना दिवस का पूरा आयोजन सेवा और मानव कल्याण की भावना को केंद्र में रखकर किया गया, जिसमें समूह के सदस्यों एवं मातृशक्ति ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

स्थापना दिवस के अवसर पर कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 6 बजे पूजा-पाठ के साथ हुई। इसके बाद आश्रम परिसर से प्रभातफेरी निकाली गई, जो मटासी, सतीतला, पुटुकेला, करमा, रमसमा, कजरा, महुवाटोली, सेन्द्रीमुंडा सहित नगर एवं आसपास के प्रमुख मार्गों से होते हुए पुनः आश्रम के प्रार्थना गृह पहुंची। प्रभातफेरी के दौरान श्रद्धालुओं एवं समूह के सदस्यों ने धार्मिक एवं सामाजिक सद्भाव का संदेश दिया। आश्रम पहुंचने के बाद ध्वजारोहण किया गया। इसके पश्चात सफलयोनि पाठ एवं प्रसाद वितरण का आयोजन हुआ।

स्थापना दिवस के कार्यक्रमों की कड़ी में पूर्वाह्न 11:30 बजे आश्रम परिसर में श्री सर्वेश्वरी समूह का हमारे व्यक्तित्व पर प्रभाव’ विषय पर गोष्ठी आयोजित की गई। गोष्ठी में समूह की सेवा भावना, सामाजिक सरोकार, मानव कल्याण, स्वच्छता, सद्भाव तथा आध्यात्मिक मूल्यों पर विचार रखे गए। वक्ताओं ने कहा कि समाज के जरूरतमंद लोगों की सहायता करना और मानवता की सेवा करना ही किसी भी धार्मिक एवं सामाजिक संगठन की सार्थकता को मजबूत करता है।

स्थापना दिवस के अवसर पर सेवा कार्यों को विशेष महत्व दिया गया। मातृशक्ति द्वारा अस्पताल पहुंचकर अस्वस्थ एवं उपचाररत मरीजों से मुलाकात की गई और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की गई। इस दौरान मरीजों एवं उनके परिजनों को फल, बिस्किट, दूध, ब्रेड सहित अन्य खाद्य सामग्री का वितरण किया गया। अस्पताल में पहुंची मातृशक्ति ने मरीजों एवं उनके परिजनों से आत्मीयता से बातचीत कर उन्हें सेवा और सहयोग का भरोसा दिलाया।

इसके बाद सेवा गतिविधियों को आगे बढ़ाते हुए मंदिरों एवं गिरजाघरों में स्वच्छता कार्य को प्रोत्साहित करने के लिए झाड़ू का वितरण किया गया। इस पहल के माध्यम से धार्मिक स्थलों को स्वच्छ एवं साफ-सुथरा रखने के साथ समाज में स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया। मंदिरों और गिरजाघरों के लिए किए गए इस सेवा कार्य को सामाजिक सद्भाव और आपसी सहयोग की भावना से भी जोड़ा गया।

श्री सर्वेश्वरी समूह के सदस्यों एवं मातृशक्ति ने कहा कि सेवा, स्वच्छता, सद्भाव और मानव कल्याण समूह की मूल भावना का अभिन्न हिस्सा हैं। स्थापना दिवस केवल धार्मिक आयोजन तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने और जरूरतमंदों के साथ खड़े होने का अवसर भी है। अस्पताल में मरीजों की सेवा से लेकर धार्मिक स्थलों की स्वच्छता में सहयोग तक किए गए विभिन्न सेवा कार्यों ने स्थापना दिवस को सामाजिक सरोकार से जोड़ दिया।

दिनभर चले कार्यक्रमों के बाद रात्रि में आश्रम परिसर में भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं एवं समूह के सदस्यों ने भजन-कीर्तन में सहभागिता की। धार्मिक वातावरण और सामूहिक सद्भावना के बीच स्थापना दिवस का समापन हुआ। पूरे आयोजन में सेवा, समर्पण, स्वच्छता, मानवता और सामाजिक एकता का संदेश प्रमुख रूप से दिखाई दिया।

Leave Your Comment

Click to reload image