दोकड़ा पुलिस चौकी में साइबर जागृति अभियान का आयोजन, पुलिस मितानों ने लिया संकल्प, गांव-गांव पहुंचकर लोगों को साइबर ठगी से बचाव के लिए करेंगे जागरूक
दोकड़ा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक लाल उमेद सिंह के दिशा-निर्देशानुसार रविवार को पुलिस चौकी दोकड़ा में साइबर जागृति अभियान के तहत कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान पुलिस मितानों को साइबर क्राइम और साइबर ठगी के विभिन्न तरीकों की जानकारी दी गई तथा इससे बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से समझाया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी पुलिस मितानों ने साइबर अपराध के प्रति लोगों को जागरूक करने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को साइबर ठगी से सावधान रहने, अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, ओटीपी एवं बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी से साझा नहीं करने तथा संदिग्ध कॉल और मैसेज से सतर्क रहने के लिए जागरूक करेंगे।
चौकी प्रभारी संतोष सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे में लोगों को जागरूक करना बेहद जरूरी है। साइबर जागृति अभियान के तहत गांव-गांव पहुंचकर ग्रामीणों को साइबर ठगी के तरीकों और उससे बचने के उपायों की जानकारी दी जाएगी, ताकि लोग साइबर ठगी का शिकार होने से बच सकें।
उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें और अपनी बैंकिंग व व्यक्तिगत जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें।
