लोलार्क षष्ठी पर भक्तिमय हुआ पड़ाव आश्रम, महाराजश्री बाबा कीनाराम जी की 426वीं जन्म षष्ठी श्रद्धा से मनाई गई, हवन-पूजन और अखंड संकीर्तन के साथ अघोरेश्वर भगवान राम जी की 90वीं जयंती समारोह का हुआ शुभारंभ
ताजा खबरें


बड़ी खबर

लोलार्क षष्ठी पर भक्तिमय हुआ पड़ाव आश्रम, महाराजश्री बाबा कीनाराम जी की 426वीं जन्म षष्ठी श्रद्धा से मनाई गई, हवन-पूजन और अखंड संकीर्तन के साथ अघोरेश्वर भगवान राम जी की 90वीं जयंती समारोह का हुआ शुभारंभ

अघोर पीठ पड़ाव आश्रम में लोलार्क षष्ठी पर्व के साथ शुरू हुआ अघोरेश्वर भगवान राम की 90वीं जयंती का दो दिवसीय आयोजन

वाराणसी। अघोर पीठ, श्री सर्वेश्वरी समूह संस्थान देवस्थानम् एवं अवधूत भगवान राम कुष्ठ सेवा आश्रम, पड़ाव, वाराणसी में भाद्र शुक्ल षष्ठी के पावन अवसर पर अघोराचार्य महाराजश्री बाबा कीनाराम जी का 426वां जन्म षष्ठी (लोलार्क षष्ठी) पर्व भक्तिमय वातावरण में श्रद्धा और आस्था के साथ मनाया गया। श्री सर्वेश्वरी समूह के अध्यक्ष पूज्यपाद बाबा औघड़ गुरुपद संभव राम जी के सान्निध्य में आयोजित इस धार्मिक आयोजन के साथ परमपूज्य अघोरेश्वर भगवान राम जी की 90वीं जयंती के दो दिवसीय कार्यक्रम का भी शुभारंभ हुआ।

गुरुवार 17 सितंबर 2026 को आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत प्रातःकालीन सफाई एवं श्रमदान से हुई। आश्रम परिसर में संस्था के सदस्यों, भक्तों और श्रद्धालुओं ने श्रमदान में सहभागिता निभाई। इसके बाद सुबह करीब 8 बजे पूज्यपाद बाबा औघड़ गुरुपद संभव राम जी ने अघोराचार्य महाराजश्री बाबा कीनाराम जी की प्रतिमा का विधिवत पूजन-अर्चन किया। इस दौरान आश्रम परिसर भक्तिमय वातावरण से गुंजायमान रहा।

पूजन कार्यक्रम के पश्चात डॉ. अशोक कुमार सिंह द्वारा ‘सफलयोनि’ का पाठ किया गया। इसके उपरांत पूज्यपाद बाबा औघड़ गुरुपद संभव राम जी ने आश्रम के उपासना स्थल चिरकुट देवी विहार में हवन-पूजन किया। धार्मिक अनुष्ठान के बाद देवी मंदिर की पंच परिक्रमा कर दो दिनों तक चलने वाले अखंड संकीर्तन का विधिवत शुभारंभ किया गया।

इस अवसर पर “अघोरान्ना परो मन्त्रः नास्ति तत्वं गुरोः परम्” मंत्र का अखंड संकीर्तन प्रारंभ हुआ, जो पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धा और भक्ति का प्रमुख केंद्र बना रहा। आश्रम परिसर में विभिन्न स्थानों पर भक्तों एवं श्रद्धालुओं की सहभागिता के साथ धार्मिक कार्यक्रमों का क्रम जारी रहा।

आयोजन को लेकर देश के विभिन्न प्रांतों से श्री सर्वेश्वरी समूह के सदस्य, भक्त एवं श्रद्धालु पड़ाव आश्रम पहुंचे हैं। आश्रम परिसर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही। भक्तों ने महाराजश्री बाबा कीनाराम जी की प्रतिमा के दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया तथा धार्मिक अनुष्ठानों में सहभागिता निभाई।

आज मनाई जा रही अघोरेश्वर भगवान राम की 90वीं जयंती

दो दिवसीय आयोजन के क्रम में आज 18 सितंबर 2026 को परमपूज्य अघोरेश्वर भगवान राम जी की 90वीं जयंती श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाई जा रही है। जयंती कार्यक्रम में देश के विभिन्न प्रांतों से पहुंचे संस्था के सदस्य, भक्त एवं श्रद्धालु शामिल हो रहे हैं।

जयंती अवसर पर परमपूज्य अघोरेश्वर भगवान राम जी के दर्शन-पूजन का विशेष आयोजन किया जा रहा है। श्रद्धालु आश्रम पहुंचकर दर्शन एवं पूजन में सहभागी बन रहे हैं। इसके साथ ही धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रमों का सिलसिला जारी है।

आयोजन के क्रम में शुक्रवार शाम लगभग 5 बजे श्रद्धालुओं को श्री सर्वेश्वरी समूह के अध्यक्ष पूज्यपाद बाबा औघड़ गुरुपद संभव राम जी का आशीर्वचन प्राप्त होगा। इस अवसर पर बड़ी संख्या में संस्था के सदस्यों एवं श्रद्धालुओं के उपस्थित रहने की संभावना है।

अघोर पीठ पड़ाव आश्रम में आयोजित यह दो दिवसीय धार्मिक आयोजन अघोर परंपरा, गुरु-भक्ति, सेवा और आध्यात्मिक साधना के भाव से जुड़ा हुआ है। लोलार्क षष्ठी पर्व से प्रारंभ हुए इस आयोजन में बाबा कीनाराम जी की जन्म षष्ठी तथा अघोरेश्वर भगवान राम जी की 90वीं जयंती को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है।

Leave Your Comment

Click to reload image