जाताकोना छठ घाट और अटल चौक में जले ‘एक दीप आशीर्वाद का’, प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिवस पर ग्रामीणों ने की उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना
ताजा खबरें


बड़ी खबर

जाताकोना छठ घाट और अटल चौक में जले ‘एक दीप आशीर्वाद का’, प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिवस पर ग्रामीणों ने की उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना

नारायणपुर। भारतीय जनता पार्टी ग्रामीण मंडल कुनकुरी द्वारा ग्राम पंचायत दाराखरिका के जाताकोना छठ घाट एवं अटल चौक में मंडल स्तरीय ‘एक दीप आशीर्वाद का’ कार्यक्रम श्रद्धा और उत्साह के साथ आयोजित किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, मातृशक्ति एवं ग्रामीणजनों ने दीप प्रज्ज्वलित कर उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं सुखमय जीवन की मंगलकामना की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा ग्रामीण मंडल उपाध्यक्ष एवं शक्ति केंद्र प्रभारी तुलाधार यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन की 25 वर्षों की राजनीतिक सेवा, संघर्ष, समर्पण और राष्ट्रहित के प्रति प्रतिबद्धता का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने सार्वजनिक जीवन में जनसेवा, सुशासन, जनकल्याण और राष्ट्र निर्माण को प्राथमिकता देते हुए लगातार कार्य किया है। उन्होंने प्रधानमंत्री के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए कहा कि देश निरंतर विकास और प्रगति के पथ पर आगे बढ़े, यही इस अवसर पर सभी की मंगलकामना है।

इसके बाद भाजपा ग्रामीण मंडल कुनकुरी के मंडल अध्यक्ष एवं कार्यक्रम प्रभारी उमेश यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनहितकारी और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों एवं मातृशक्ति को दी। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और जनकल्याण का लाभ पहुंचाना है।

कार्यक्रम के दौरान ग्राम पंचायत दाराखरिका के जाताकोना छठ घाट के विकास को लेकर भी चर्चा हुई। मंडल अध्यक्ष उमेश यादव ने ग्रामीणों को जानकारी देते हुए बताया कि जाताकोना छठ घाट को सर्वसुविधायुक्त एवं विकसित स्वरूप देने के लिए लगभग 4 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत किए जाने की जानकारी सामने रखी गई है। उन्होंने इसे क्षेत्र की आस्था, संस्कृति और जनसुविधाओं से जुड़ा महत्वपूर्ण विकास कार्य बताते हुए कहा कि छठ घाट के विकास से स्थानीय श्रद्धालुओं के साथ आसपास के ग्रामीणों को भी सुविधाएं मिलेंगी।

‘एक दीप आशीर्वाद का’ कार्यक्रम में दीप प्रज्ज्वलित कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर शुभकामनाएं प्रेषित की गईं। साथ ही क्षेत्र में सुख-समृद्धि, शांति और निरंतर विकास की कामना की गई। कार्यक्रम में ग्रामीणों और कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल रहा।

इस अवसर पर भाजपा ग्रामीण मंडल उपाध्यक्ष संतान राम, शक्ति केंद्र संयोजक टिकेश्वर यादव, युवा मोर्चा महामंत्री अरुण मोहंती, किसान मोर्चा मंत्री अभिषेक पुरी, ग्राम पंचायत दाराखरिका के सरपंच संतोष कुमार, उपसरपंच श्रीमती संतोषी यादव, युवा मोर्चा के यश यादव, रोजगार सचिव राजेंद्र कुमार सहित क्षेत्र के भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता, मातृशक्ति तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग एवं सहभागिता के लिए सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, मातृशक्ति एवं ग्रामीणजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Leave Your Comment

Click to reload image