नारायणपुर में गूंजा ‘गणपति बप्पा मोरया’, देर रात विधि-विधान से विराजे भगवान श्री गणेश, भक्तिमय हुआ पूरा क्षेत्र
नारायणपुर। गणेश चतुर्थी के पावन पर्व पर नारायणपुर में भगवान श्री गणेश की भव्य प्रतिमा विधि-विधान के साथ स्थापित की गई। देर रात हुए प्रतिमा स्थापना कार्यक्रम के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार, ढोल-नगाड़ों और ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। प्रतिमा स्थापना के साथ ही शहर सहित आसपास के क्षेत्र में गणेशोत्सव का उत्साह चरम पर पहुंच गया और श्रद्धालुओं में विशेष उमंग देखने को मिली।
श्री गणेश पूजा समिति नारायणपुर द्वारा आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ भगवान गणेश की पूजा-अर्चना की गई। मंत्रोच्चार के बीच भगवान गणेश को पंडाल में विराजित किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे और धार्मिक अनुष्ठान में अपनी सहभागिता निभाई।
प्रतिमा स्थापना के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश की आराधना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। आयोजन को लेकर समिति के सदस्यों और स्थानीय लोगों में खासा उत्साह रहा। प्रतिमा स्थापना के बाद पंडाल में श्रद्धालुओं की आवाजाही शुरू हो गई है।
समिति के सदस्यों के अनुसार गणेशोत्सव के दौरान प्रतिदिन सुबह और शाम महाआरती का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही श्रद्धालुओं को प्रसाद का वितरण भी किया जाएगा। गणेशोत्सव को लेकर पूरे क्षेत्र में धार्मिक और उत्सवी माहौल बना हुआ है।
