मनोरा के रजला में बाबा भगवान राम ट्रस्ट की जनसेवा पहल बनी ग्रामीणों के लिए वरदान, एक ही शिविर में 550 मरीजों की जांच-चिकित्सा, नेत्र परीक्षण के बाद 226 मरीजों को निःशुल्क चश्मे एवं दवाइयां और 21 मरीजों को मोतियाबिंद ऑपरेशन की सलाह
ताजा खबरें


बड़ी खबर

मनोरा के रजला में बाबा भगवान राम ट्रस्ट की जनसेवा पहल बनी ग्रामीणों के लिए वरदान, एक ही शिविर में 550 मरीजों की जांच-चिकित्सा, नेत्र परीक्षण के बाद 226 मरीजों को निःशुल्क चश्मे एवं दवाइयां और 21 मरीजों को मोतियाबिंद ऑपरेशन की सलाह

नारायणपुर । बाबा भगवान राम ट्रस्ट के वर्तमान अध्यक्ष पूज्यपाद गुरुपद संभव राम जी के निर्देशन में संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के अंतर्गत प्रारंभ किए गए चक्षु अभियान के तहत विकासखंड मनोरा के ग्राम रजला में 13 सितंबर 2026, रविवार को एक दिवसीय निःशुल्क नेत्र चिकित्सा सह अन्य रोग चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शासकीय प्राथमिक शाला रजला के प्रांगण में आयोजित इस शिविर में आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और विशेषज्ञ चिकित्सकों से निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं उपचार का लाभ लिया। शिविर में कुल 550 मरीजों की चिकित्सा की गई।

शिविर का शुभारंभ प्रातः 10:30 बजे ट्रस्ट के अध्यक्ष पूज्यपाद बाबा गुरुपद संभव राम जी द्वारा परमपूज्य अघोरेश्वर भगवान राम जी के तैलचित्र पर विधिवत पूजन-आरती एवं नारियल फोड़कर किया गया। शुभारंभ के बाद पूज्यपाद बाबा ने पूरे शिविर का निरीक्षण कर चिकित्सा व्यवस्था का जायजा लिया तथा चिकित्सकगणों को कलम प्रदान कर उनका सम्मान किया। शिविर सुबह से लेकर शाम 4:30 बजे तक लगातार चलता रहा।

नेत्र चिकित्सा के दौरान कुल 242 मरीजों का नेत्र परीक्षण किया गया। इनमें से 226 मरीजों को तत्काल पावर वाले चश्मे एवं आवश्यक दवाइयां निःशुल्क उपलब्ध कराई गईं। नेत्र परीक्षण की सेवा नेत्र सहायक श्री टी.पी. कुशवाहा एवं श्रीमती सविता नन्दे, जशपुर द्वारा प्रदान की गई। जांच के दौरान 21 मरीजों में मोतियाबिंद की समस्या चिन्हित की गई, जिन्हें जशपुर ले जाकर ऑपरेशन कराने की सलाह दी गई।

शिविर में नेत्र रोगों के साथ-साथ अन्य स्वास्थ्य समस्याओं से पीड़ित मरीजों की भी जांच और चिकित्सा की गई। इस दौरान वरिष्ठ सर्जन जशपुर डॉ. आर.के. सिंह, शिशु रोग विशेषज्ञ गुमला डॉ. रुद्र कश्यप तथा होम्योपैथ चिकित्सक वाड्रफनगर डॉ. आशुतोष त्रिपाठी ने अपनी सेवाएं दीं। अन्य रोगों से पीड़ित 308 मरीजों की जांच कर उन्हें चिकित्सकीय परामर्श के साथ आवश्यक दवाइयां निःशुल्क प्रदान की गईं। शिविर में रक्त शर्करा एवं बीपी जांच की भी व्यवस्था की गई थी, जिससे ग्रामीणों को एक ही स्थान पर प्राथमिक स्वास्थ्य जांच की सुविधा मिल सकी।

शिविर में ग्राम रजला के अलावा कलारू, सुरजुला, पोड़ीपटकोना, मुटु, जकबा, बोरोकोना, खुंटापानी, शैला सहित आसपास के अन्य गांवों से भी बड़ी संख्या में मरीज पहुंचे। ग्रामीणों ने शिविर में उपलब्ध निःशुल्क जांच, चश्मे, दवाइयों और चिकित्सकीय परामर्श का लाभ उठाया। दूरदराज के ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार के शिविर के आयोजन से लोगों को स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सुविधा मिलने से काफी राहत मिली।

शिविर का समापन शाम 4:30 बजे पूज्यपाद गुरुपद बाबा द्वारा परमपूज्य अघोरेश्वर भगवान राम जी के चित्र पर आरती एवं जयकारे के साथ किया गया। इस अवसर पर शिविर के सफल आयोजन में ब्रह्मनिष्ठालय सोगड़ा, वामदेवनगर अघोर पीठ गम्हरिया एवं श्री सर्वेश्वरी समूह गुमला के स्वयंसेवकों का विशेष सहयोग रहा।

शिविर की व्यवस्थाओं को सुचारू बनाने में श्री कमल दूबे, श्री प्रवीण सिन्हा, श्री वीरेन्द्र सिन्हा के साथ विकासखंड शिक्षा अधिकारी मनोरा श्री तरुण कुमार पटेल, मंडल संयोजक मनोरा श्री मनोज सिंह, हॉस्टल अधीक्षक रजला श्रीमती पुष्पा बाई, प्राथमिक शाला रजला की प्राध्यापक सुश्री वंदना मांझी तथा संकुल समन्वयक कलारू श्री राजेश विश्वकर्मा का उल्लेखनीय योगदान रहा। ग्रामीणों ने ट्रस्ट द्वारा आयोजित इस निःशुल्क चिकित्सा शिविर की सराहना करते हुए इसे जरूरतमंद लोगों के लिए उपयोगी पहल बताया।

Leave Your Comment

Click to reload image