अंतरिक्ष से रोबोटिक्स तक विद्यार्थियों ने करीब से जाना विज्ञान, कलेक्टर रोहित व्यास की पहल पर सेजेस फरसाबहार में पहुंची साइंस ऑन व्हील्स मोबाइल वैन
जशपुर।
कलेक्टर रोहित व्यास की पहल पर विद्यार्थियों में अंतरिक्ष विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में अध्ययन को प्रोत्साहित करने और रुचि जागृत करने के उद्देश्य से अन्वेषण कार्यक्रम चलाया गया है। अन्वेषण के अंतर्गत विद्यार्थियों के लिए साइंस ऑन व्हील्स कार्यक्रम आयोजित कराया जा रहा है। विभिन्न वैज्ञानिक और तकनीकी मॉडल से सुसज्जित मोबाइल वैन एक्सपर्ट टीम के साथ शुक्रवार को सेजेस फरसाबहार पहुंचा।
मोबाइल वैन में मौजूद वैज्ञानिक मॉडल्स, प्रयोगों और विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने विज्ञान के व्यावहारिक पहलुओं को करीब से समझा। स्पेस टेक्नोलॉजी, रोबोटिक्स, सस्टेनेबिलिटी और वॉटर फिल्ट्रेशन जैसे विषयों पर आधारित मॉडल्स एवं गतिविधियों ने विद्यार्थियों की विशेष रुचि बढ़ाई। विद्यार्थियों ने स्वयं गतिविधियों में भाग लेते हुए सवाल पूछे और प्रयोगों के माध्यम से वैज्ञानिक अवधारणाओं को समझा।
ज्वाइंट कलेक्टर प्रशांत कुशवाहा एवं जिला शिक्षा अधिकारी नरेंद्र सिन्हा के निर्देश पर जिले के 16 विद्यालय प्रदर्शन स्थलों पर यह कार्यक्रम आयोजित कराया जा रहा है । अभी तक 14 विद्यालय स्थलों में यहां कार्यक्रम आयोजित हो चुका है जिसमें 48 विद्यालयों के 1400 विद्यार्थी लाभान्वित हुए हैं। साइंस ऑन व्हील्स कार्यक्रम इग्नाइटिंग ड्रीम्स ऑफ यंग माइंड फाउंडेशन के सहयोग से संचालित किया जा रहा है। ट्रेनर्स सुभाष देवांगन, राजेश कुमार एवं दुर्गेश साहू विद्यार्थियों को विभिन्न वैज्ञानिक गतिविधियों से परिचित करा रहे हैं। कार्यक्रम के माध्यम से विज्ञान की प्रयोगशाला विद्यार्थियों के द्वार तक पहुंच रही है और विज्ञान को केवल किताबों तक सीमित न रखकर उसे प्रयोग, गतिविधि और अनुभव के रूप में समझने का अवसर मिल रहा है।
कार्यक्रम का समन्वय यशस्वी जशपुर के अवनीश पांडेय, बीईओ सी.आर. भगत के द्वारा किया गया। कार्यक्रम में स्वामी आत्मानंद विद्यालय फरसाबहार के विद्यार्थियों सहित हाई स्कूल कन्या पंडरीपानी, बनगांव, बालक हायर सेकेंडरी पंडरीपानी और हाई स्कूल कंदईबहार के 100 विद्यार्थी शामिल हुए।
