बंदरचुआं में साइंस ऑन व्हील्स ने जगाई वैज्ञानिक जिज्ञासा, स्पेस टेक्नोलॉजी, रोबोटिक्स और वॉटर फिल्ट्रेशन की गतिविधियों में विद्यार्थियों ने लिया उत्साहपूर्वक हिस्सा
जशपुर, 09 सितंबर 2026/
कलेक्टर रोहित व्यास की पहल पर विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने और अंतरिक्ष व तकनीकी विज्ञान के अध्ययन को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से संचालित साइंस ऑन व्हील्स कार्यक्रम मंगलवार को शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल बंदरचुआं पहुंचा। कार्यक्रम में शासकीय हायर सेकंडरी विद्यालय बंदरचुआं के विद्यार्थियों सहित हाई स्कूल कोरबाबहरी एवं हाई स्कूल बरांगजोर के 100 विद्यार्थी शामिल हुए।
मोबाइल वैन में मौजूद वैज्ञानिक मॉडल्स, प्रयोगों और विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने विज्ञान के व्यावहारिक पक्ष को करीब से समझा। स्पेस टेक्नोलॉजी, रोबोटिक्स, सस्टेनेबिलिटी और वॉटर फिल्ट्रेशन जैसे विषयों पर आधारित मॉडल्स एवं गतिविधियों ने विद्यार्थियों की विशेष रुचि बढ़ाई। विद्यार्थियों ने स्वयं गतिविधियों में भाग लेते हुए सवाल पूछे और प्रयोगों के माध्यम से वैज्ञानिक अवधारणाओं को समझा।
ज्वाइंट कलेक्टर प्रशांत कुशवाहा एवं जिला शिक्षा अधिकारी नरेंद्र सिन्हा के निर्देश पर जिले के 16 विद्यालय प्रदर्शन स्थलों पर यह कार्यक्रम आयोजित कराया जा रहा है । साइंस ऑन व्हील्स कार्यक्रम इग्नाइटिंग ड्रीम्स ऑफ यंग माइंड फाउंडेशन के सहयोग से संचालित किया जा रहा है। ट्रेनर्स सुभाष देवांगन, राजेश कुमार एवं दुर्गेश साहू विद्यार्थियों को विभिन्न वैज्ञानिक गतिविधियों से परिचित करा रहे हैं। कार्यक्रम के माध्यम से विज्ञान की प्रयोगशाला विद्यार्थियों के द्वार तक पहुंच रही है और विज्ञान को केवल किताबों तक सीमित न रखकर उसे प्रयोग, गतिविधि और अनुभव के रूप में समझने का अवसर मिल रहा है।
कार्यक्रम का समन्वय यशस्वी जशपुर के अवनीश पांडेय, बीईओ कुनकुरी सुदर्शन पैंकरा, एबीईओ श्रीमती मारिया तिर्की के द्वारा किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती कौशिल्या पैंकरा एवं व्याख्याता अयोध कुमार गुप्ता सहित शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
