ऑपरेशन शंखनाद में जशपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 8 गौवंश तस्करों के चंगुल से मुक्त, एक आरोपी गिरफ्तार; पुराने मामलों के 5 फरार आरोपी भी धराए
ताजा खबरें


बड़ी खबर

ऑपरेशन शंखनाद में जशपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 8 गौवंश तस्करों के चंगुल से मुक्त, एक आरोपी गिरफ्तार; पुराने मामलों के 5 फरार आरोपी भी धराए

जनवरी से अब तक 86 मामलों में 985 गौवंश मुक्त, 92 आरोपी जेल भेजे गए और तस्करी में इस्तेमाल 31 वाहन जब्त

जशपुरनगर, 3 सितंबर 2026। गौवंश तस्करी के खिलाफ जशपुर पुलिस का ऑपरेशन शंखनाद लगातार जारी है। डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के नेतृत्व में पुलिस द्वारा तस्करी के मामलों में आरोपियों की धरपकड़ के साथ-साथ पुराने मामलों में फरार चल रहे आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में कुनकुरी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 8 गौवंशों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया और एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। वहीं सिटी कोतवाली जशपुर पुलिस ने पशु तस्करी के दो पुराने मामलों में फरार चल रहे 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।

हर्राडांड के पास पुलिस ने पकड़ा, 8 गौवंश मुक्त

जानकारी के अनुसार, 2 सितंबर की रात थाना कुनकुरी पुलिस टीम रात्रि गश्त पर थी। इसी दौरान ग्राम हर्राडांड के पास मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ संदिग्ध लोग टांगरबहरी रोड की ओर से गौवंशों को पैदल हांकते हुए झारखंड की ओर ले जा रहे हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया और तत्काल बताए गए स्थान की ओर रवाना हुई। मौके पर पुलिस ने एक व्यक्ति को 8 गौवंशों को पैदल हांककर ले जाते हुए देखा। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे हिरासत में लिया और उसके कब्जे से सभी 8 गौवंशों को सकुशल बरामद कर लिया।

दस्तावेज नहीं दिखा सका आरोपी

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम अशोक कुमार यादव (37), निवासी ग्राम वासुदेवपुर, थाना दुलदुला, जिला जशपुर बताया। पुलिस द्वारा गौवंशों के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन आरोपी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

मामले में थाना कुनकुरी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 की धारा 4, 6 एवं 10 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन और लकड़ी का डंडा भी जब्त किया है।

पुराने दो मामलों में फरार चल रहे 5 आरोपी गिरफ्तार

इधर, थाना सिटी कोतवाली जशपुर पुलिस ने पशु तस्करी के दो पुराने मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों मामले क्रमशः 6 जनवरी 2026 और 22 फरवरी 2026 को दर्ज किए गए थे।

6 जनवरी को डूमरटोली क्षेत्र में मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 10 गौवंशों को मुक्त कराया था। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। विवेचना के दौरान अन्य आरोपियों की संलिप्तता सामने आने के बाद पुलिस उनकी तलाश में जुटी थी।

इसी तरह 22 फरवरी 2026 को किनकेल क्षेत्र में कार्रवाई के दौरान 4 गौवंशों को मुक्त कराया गया था। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया था। आगे की विवेचना में अन्य आरोपियों की भूमिका सामने आने के बाद उनकी तलाश लगातार की जा रही थी।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने लगातार पतासाजी और विशेष पुलिसिंग करते हुए पांच फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

गिरफ्तार आरोपियों में ये शामिल

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में बीरबल राम भगत (45), निवासी डुमरटोली थाना जशपुर; मोहम्मद अफसर खान (37), निवासी लोदाम थाना कुनकुरी; शाहिद खान (26), निवासी खरवा टोली थाना नारायणपुर; मुस्तकीम खान (48), निवासी मधुबन टोली जशपुर और ताजुद्दीन खान (43), निवासी खरवा टोली थाना नारायणपुर शामिल हैं।

86 मामलों में 985 गौवंश मुक्त

जशपुर पुलिस के अनुसार, ऑपरेशन शंखनाद के तहत जनवरी 2026 से अब तक गौवंश तस्करी के खिलाफ बड़े स्तर पर कार्रवाई की गई है। अभियान के दौरान अब तक:

  • 86 प्रकरण दर्ज किए गए
  • 985 गौवंशों को तस्करों से मुक्त कराया गया
  • 92 गौ तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया
  • तस्करी में प्रयुक्त 31 वाहन जब्त किए गए

पुलिस का कहना है कि कार्रवाई केवल मौके पर तस्करों को पकड़ने तक सीमित नहीं है, बल्कि तस्करी के नेटवर्क से जुड़े आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है।

एसएसपी का सख्त संदेश—तस्करी में शामिल किसी को नहीं बख्शेंगे

डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि गौवंश तस्करी को लेकर जशपुर पुलिस अत्यंत संवेदनशील है। तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए मुखबिर तंत्र को और मजबूत एवं सक्रिय किया जा रहा है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि गौवंश तस्करी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। फरार आरोपियों की लगातार तलाश कर उनकी गिरफ्तारी की जाएगी और तस्करी के नेटवर्क से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि गौ तस्करी के खिलाफ ऑपरेशन शंखनाद लगातार जारी रहेगा।

इन पुलिसकर्मियों की रही महत्वपूर्ण भूमिका

कुनकुरी पुलिस की कार्रवाई में प्रधान आरक्षक दलेश्वर यादव, अजय कुजूर, आरक्षक मुर्शीद आलम, सुदर्शन कुमार, कन्हैया यादव एवं साइबर टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

वहीं सिटी कोतवाली जशपुर की कार्रवाई में निरीक्षक मोरध्वज देशमुख, सहायक उप निरीक्षक मनोज साहू, प्रधान आरक्षक प्रीतम टोप्पो, आरक्षक उपेंद्र सिंह, विनोद तिर्की, नगर सैनिक रवि डनसेना सहित पुलिस टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

Leave Your Comment

Click to reload image