कॉपर-टी के बाद महिला की मौत के मामले ने पकड़ा तूल, कलेक्टर के निर्देश पर उच्च स्तरीय जांच समिति गठित, पोस्टमार्टम के बाद उपचार से जुड़े दस्तावेजों की गहन जांच शुरू
जशपुरनगर 02 सितम्बर 2026/ दैनिक समाचार पत्र में दिनांक 01 सितम्बर 2026 को प्रकाशित "कॉपर टी के बाद तबीयत बिगड़ने से महिला की मौत, शव रखकर प्रदर्शन" शीर्षक के समाचार के संबंध में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिला जशपुर द्वारा वस्तुस्थिति स्पष्ट की गई है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि केरसई निवासी महिला का प्रसव दिनांक 29 जुलाई 2026 को प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र केरसई में हुआ था।
48 घंटे की निगरानी पश्चात 31 जुलाई 2026 को नियमानुसार कॉपर-टी लगाया गया था। स्वास्थ्य संबंधी समस्या होने पर 07 अगस्त 2026 को अल्ट्रासोनोग्राफी कराई गई, जिसके उपरांत उन्हें हॉलीक्रॉस कुनकुरी से उच्च उपचार हेतु जे.एम.जे. अस्पताल रायगढ़ रेफर किया गया। वहाँ ऑपरेशन पश्चात 11 अगस्त 2026 को डिस्चार्ज किया गया। बाद में जटिलता बढ़ने पर 22 अगस्त 2026 को बुर्ला चिकित्सालय, संबलपुर में भर्ती कराया गया, जहाँ उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर के निर्देशन में CMHO द्वारा विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम गठित कर दिनांक 31 अगस्त 2026 को पोस्टमार्टम कराया गया है तथा निष्पक्ष जांच हेतु उच्च स्तरीय जांच समिति का गठन किया गया है। जांच समिति द्वारा उपचार से संबंधित समस्त अभिलेखों का परीक्षण किया जा रहा है। जांच प्रतिवेदन के आधार पर नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी।
