भगवान जगन्नाथ मंदिर कस्तूरा के प्रांगण में सजा युवा संवाद का मंच, योगेश बापट ने युवाओं से कहा—संस्कृति की जड़ों से जुड़कर हुनर और सोच के दम पर बनाएं अपना भविष्य, राष्ट्र निर्माण में निभाएं सक्रिय भूमिका
ताजा खबरें


बड़ी खबर

भगवान जगन्नाथ मंदिर कस्तूरा के प्रांगण में सजा युवा संवाद का मंच, योगेश बापट ने युवाओं से कहा—संस्कृति की जड़ों से जुड़कर हुनर और सोच के दम पर बनाएं अपना भविष्य, राष्ट्र निर्माण में निभाएं सक्रिय भूमिका

जशपुर/नारायणपुर। दुलदुला विकासखंड के ग्राम कस्तूरा स्थित भगवान जगन्नाथ मंदिर प्रांगण मंगलवार को युवाओं के संवाद और विचार-विमर्श का केंद्र बना, जहां अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम के राष्ट्रीय महामंत्री योगेश बापट ने 30 गांवों से पहुंचे युवाओं से सीधे संवाद किया। इस दौरान युवाओं के भविष्य, समाज और राष्ट्र से जुड़े कई अहम मुद्दों पर खुलकर चर्चा हुई।

युवा संवाद में धर्म, संस्कृति, जीवन मूल्य, चरित्र निर्माण, रहन-सहन और सामाजिक जिम्मेदारियों जैसे विषयों पर युवाओं के साथ विचार साझा किए गए। युवाओं को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जुड़े रहने के साथ बदलते समय के अनुरूप आगे बढ़ने का संदेश दिया गया। खेलों को युवाओं के व्यक्तित्व विकास और प्रतिभा निखारने का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए उन्हें खेल गतिविधियों से जोड़ने पर भी जोर दिया गया।

युवाओं के रोजगार, स्वावलंबन और भविष्य निर्माण का मुद्दा भी संवाद के केंद्र में रहा। युवाओं की रुचि, क्षमता और हुनर के अनुसार उन्हें सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ाने तथा अपने पैरों पर खड़े होने के अवसर तलाशने को लेकर विचार-विमर्श किया गया। साथ ही समाज और राष्ट्र के विकास में युवाओं की सक्रिय भागीदारी को जरूरी बताया गया।

देश की वर्तमान परिस्थितियों और राष्ट्र सुरक्षा को लेकर भी युवाओं से गंभीर चर्चा हुई। सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से फैलने वाली अफवाहों व भ्रामक सूचनाओं से सावधान रहने की अपील करते हुए तथ्यपरक जानकारी पर भरोसा करने और बिना सत्यापन किसी भी सूचना को आगे नहीं बढ़ाने का संदेश दिया गया। युवाओं से सामाजिक जागरूकता बढ़ाने और अपने गांव-समाज में सकारात्मक वातावरण बनाने में जिम्मेदार भूमिका निभाने का आह्वान किया गया।

कार्यक्रम में प्रांत संगठन मंत्री महेश्वर सिंह, कर्ण पाल सिंह, दिलेश्वर राम, नंदकुमार सिंह, सुलेश यादव और दिनेश सिंह सहित बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे। कस्तूरा में हुए इस युवा संवाद ने गांवों से आए युवाओं को अपनी संस्कृति, समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी को समझने के साथ अपने भविष्य को लेकर सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की नई दिशा दी।

Leave Your Comment

Click to reload image