शिक्षा दान महादान’ के तहत बासनताला स्कूल में विद्यार्थियों से रूबरू हुए एसडीएम नंद जी पांडे और सीए विनीत जिंदल, विषय चयन से लेकर करियर की संभावनाओं तक दी विस्तृत जानकारी
ताजा खबरें


बड़ी खबर

शिक्षा दान महादान’ के तहत बासनताला स्कूल में विद्यार्थियों से रूबरू हुए एसडीएम नंद जी पांडे और सीए विनीत जिंदल, विषय चयन से लेकर करियर की संभावनाओं तक दी विस्तृत जानकारी


नारायणपुर : - । सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत संचालित विभिन्न गतिविधियों के क्रम में ‘शिक्षा दान महादान’ कार्यक्रम के तहत अनुविभागीय दंडाधिकारी (राजस्व) कुनकुरी नंद जी पांडे एवं चार्टर्ड अकाउंटेंट विनीत जिंदल शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बासनताला पहुंचे। अधिकारियों के विद्यालय पहुंचने पर प्राचार्य मोहम्मद रईसुल हसन खान सहित विद्यालय के समस्त शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने उनका स्वागत एवं सम्मान किया। तहसील स्तर के वरिष्ठ अधिकारी एवं चार्टर्ड अकाउंटेंट के विद्यालय पहुंचकर विद्यार्थियों से सीधे संवाद करने पर विद्यालय परिवार ने प्रसन्नता व्यक्त की और इसे विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक अवसर बताया।

इस दौरान एसडीएम नंद जी पांडे ने विद्यालय की विभिन्न कक्षाओं में पहुंचकर विद्यार्थियों से संवाद किया और उनकी पढ़ाई तथा भविष्य की योजनाओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के महत्व के साथ ही जीवन में स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करने और उस लक्ष्य को हासिल करने के लिए निरंतर मेहनत करने की बात कही। विशेष रूप से कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्होंने विज्ञान, कला एवं वाणिज्य विषयों की पढ़ाई से जुड़े विभिन्न अवसरों और करियर निर्माण में इन विषयों की उपयोगिता के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी अपनी रुचि, क्षमता और भविष्य के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए विषय का चयन करें तथा पढ़ाई के लिए समय का सही प्रबंधन करें।

एसडीएम ने विद्यार्थियों को समझाया कि केवल परीक्षा में अच्छे अंक प्राप्त करना ही सफलता का आधार नहीं है, बल्कि विषय की समझ, नियमित अध्ययन, अनुशासन और सही दिशा में प्रयास भी जीवन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने दैनिक समय का बेहतर उपयोग करने, पढ़ाई के लिए नियमित समय निर्धारित करने और अपने लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को मिलने वाला सही मार्गदर्शन उनके भविष्य की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।

चार्टर्ड अकाउंटेंट विनीत जिंदल ने भी विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कक्षा 10वीं के बाद विषय चयन को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी रुचि और क्षमता के अनुरूप विषय चुनने की सलाह देते हुए बताया कि अलग-अलग विषयों के माध्यम से आगे चलकर विभिन्न क्षेत्रों में करियर के अवसर उपलब्ध होते हैं। उन्होंने विशेष रूप से कॉमर्स विषय की पढ़ाई से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों और संभावनाओं की जानकारी विद्यार्थियों को दी। साथ ही अन्य विषयों की पढ़ाई के बाद उपलब्ध विकल्पों के बारे में भी विद्यार्थियों को अवगत कराया, ताकि विद्यार्थी बिना किसी दबाव के अपने भविष्य को लेकर सही निर्णय ले सकें।

कार्यक्रम के दौरान एसडीएम नंद जी पांडे ने शिक्षकों से भी संवाद किया और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में शिक्षकों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे में अलग-अलग प्रतिभा और क्षमता होती है। शिक्षक यदि विद्यार्थियों की रुचि और क्षमता को पहचानकर उन्हें सही दिशा और आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान करें तो बच्चे अपने निर्धारित लक्ष्य को हासिल कर सकते हैं। उन्होंने शिक्षकों से अपने दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करते हुए विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ अनुशासन, समय प्रबंधन और लक्ष्य निर्धारण के लिए प्रेरित करने की बात कही।

इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य मोहम्मद रईसुल हसन खान सहित शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इस पहल से विद्यार्थियों को अधिकारियों के साथ सीधे संवाद करने तथा शिक्षा और करियर से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों को समझने का अवसर मिला। 

Leave Your Comment

Click to reload image