बड़ी खबर: शिक्षकों की शिकायत पर जिला प्रशासन का बड़ा एक्शन—फरसाबहार शिक्षा विभाग से जुड़े गंभीर आरोपों की होगी जांच, शिकायत के एक-एक बिंदु को खंगालेगी तीन सदस्यीय समिति; सात दिन में मांगी गई रिपोर्ट, जांच के निष्कर्ष पर आगे की कार्रवाई की तैयारी
ताजा खबरें


बड़ी खबर

बड़ी खबर: शिक्षकों की शिकायत पर जिला प्रशासन का बड़ा एक्शन—फरसाबहार शिक्षा विभाग से जुड़े गंभीर आरोपों की होगी जांच, शिकायत के एक-एक बिंदु को खंगालेगी तीन सदस्यीय समिति; सात दिन में मांगी गई रिपोर्ट, जांच के निष्कर्ष पर आगे की कार्रवाई की तैयारी

जशपुर। फरसाबहार विकासखंड में शिक्षकों से जुड़े कथित आर्थिक शोषण, मानसिक प्रताड़ना, पद के दुरुपयोग और भ्रष्टाचार की शिकायत को जिला प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। शिकायत के संबंध में जशपुर कलेक्टर कार्यालय की ओर से जांच समिति गठित कर दी गई है। समिति को शिकायत में लगाए गए आरोपों की विस्तृत और बिंदुवार जांच कर निर्धारित समय-सीमा में प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक/समग्र शिक्षक फेडरेशन, विकासखंड इकाई फरसाबहार, जिला जशपुर की ओर से 5 अगस्त 2026 को पत्र के माध्यम से शिकायत प्रस्तुत की गई थी। शिकायत में विकासखंड फरसाबहार के विकासखंड शिक्षा अधिकारी, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी एवं बीआरसीसी पर विभिन्न आरोप लगाए गए है। इसमें शिक्षकों के साथ कथित आर्थिक शोषण, मानसिक प्रताड़ना, पद के दुरुपयोग तथा भ्रष्टाचार जैसे गंभीर बिंदुओं का उल्लेख किया गया है।

शिकायत प्राप्त होने के बाद जिला प्रशासन ने मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित की है। समिति में मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत जशपुर को अध्यक्ष, जिला शिक्षा अधिकारी, जशपुर को सदस्य तथा लेखाधिकारी, जिला पंचायत जशपुर को सदस्य बनाया गया है।

जिला प्रशासन की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि प्राप्त शिकायत की प्रति जांच समिति को उपलब्ध कराई गई है। समिति को शिकायत में उल्लेखित सभी बिंदुओं की विस्तृत जांच करने तथा सात दिवस के भीतर बिंदुवार जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

इस कार्रवाई के बाद फरसाबहार विकासखंड के शिक्षा विभाग से जुड़े मामले को लेकर प्रशासनिक स्तर पर जांच की प्रक्रिया शुरू हो गई है। अब जांच समिति शिकायत में लगाए गए आरोपों से संबंधित तथ्यों, दस्तावेजों और संबंधित पक्षों की जानकारी का परीक्षण कर अपनी रिपोर्ट जिला प्रशासन के समक्ष प्रस्तुत करेगी।

जिला प्रशासन के आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि जांच समिति को संदर्भित शिकायत के आधार पर निर्धारित अवधि में कार्रवाई पूरी करनी है। शिकायत पर जांच के बाद सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की प्रशासनिक कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट होगी।यह आदेश जशपुर कलेक्टर द्वारा जारी किया गया है और इसकी प्रतिलिपि संबंधित अधिकारियों को सूचना एवं पालनार्थ अग्रेषित की गई है। 

Leave Your Comment

Click to reload image