जनगणना जैसे महत्वपूर्ण शासकीय कार्य में बाधा डालने वाला फरार आरोपी रायगढ़ से गिरफ्तार, प्रगणक शिक्षक को फर्जी बताकर की थी मारपीट, आईडी कार्ड छीनकर फेंका और दी थी जान से मारने की धमकी
जशपुर। जनगणना जैसे महत्वपूर्ण शासकीय कार्य में बाधा डालने और जनगणना प्रगणक शिक्षक के साथ मारपीट, गाली-गलौज एवं जान से मारने की धमकी देने के मामले में पत्थलगांव पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को रायगढ़ से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
पुलिस के अनुसार, 5 मई 2026 को शिक्षक सतीश कुमार सक्सेना (42 वर्ष), निवासी ग्राम कुमकेला, थाना पत्थलगांव ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। प्रार्थी की ड्यूटी जनगणना प्रगणक के रूप में लगाई गई थी और इसी शासकीय दायित्व के तहत वह 5 मई को ग्राम सुरेशपुर में जनगणना संबंधी कार्य के लिए गया था।
इसी दौरान रास्ते में एक युवक ने उसे रोक लिया और जनगणना कार्य के लिए लगाए गए शिक्षक को फर्जी व्यक्ति बताते हुए विवाद शुरू कर दिया। आरोप है कि युवक ने प्रार्थी के साथ गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्के से मारपीट की। इतना ही नहीं, आरोपी ने शिक्षक का आईडी कार्ड भी खींचकर फेंक दिया और उसे जान से मारने की धमकी दी। घटना के कारण प्रार्थी का शासकीय जनगणना कार्य प्रभावित हुआ।
प्रार्थी की शिकायत पर थाना पत्थलगांव में अपराध क्रमांक 97/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध धारा 221, 132, 296, 351(3) एवं 115(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले की विवेचना शुरू की।
जांच में सामने आई आरोपी की पहचान
विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और गवाहों एवं संबंधित लोगों के बयान दर्ज किए। पुलिस की जांच और तकनीकी जानकारी के आधार पर घटना में शामिल संदिग्ध की पहचान शुभम कुजूर उर्फ बंटी कुजूर (26 वर्ष), निवासी रामभाटा, संजय मैदान, हरदिया गली, थाना सिटी कोतवाली रायगढ़, जिला रायगढ़ के रूप में हुई।
जांच में यह भी सामने आया कि घटना के दिन आरोपी ग्राम सुरेशपुर में अपने रिश्तेदार के यहां आयोजित वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने आया था। इसी दौरान उसका जनगणना कार्य में लगे शिक्षक से विवाद हुआ और उसने शिक्षक के साथ मारपीट कर शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न की।
घटना के बाद से चल रहा था फरार
घटना के बाद आरोपी लगातार फरार चल रहा था। पत्थलगांव पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी शुभम कुजूर अपने रायगढ़ स्थित रामभाटा के घर आया हुआ है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना पत्थलगांव पुलिस और तकनीकी टीम ने तत्काल कार्रवाई की।
पुलिस टीम ने रायगढ़ पहुंचकर आरोपी के ठिकाने की घेराबंदी की और शुभम कुजूर को हिरासत में लेकर पत्थलगांव लाया।
कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष हुई पहचान
मामले की जांच में पुलिस ने नियमानुसार कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पहचान कार्यवाही कराई। पहचान प्रक्रिया के दौरान प्रार्थी सतीश कुमार सक्सेना ने हिरासत में लिए गए शुभम कुजूर की पहचान घटना में शामिल व्यक्ति के रूप में की।
पुलिस पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की अपराध में संलिप्तता पाए जाने पर उसे विधिवत गिरफ्तार किया गया। इसके बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
आरोपी की गिरफ्तारी और मामले की कार्रवाई में थाना प्रभारी पत्थलगांव निरीक्षक विनीत कुमार पांडे, प्रधान आरक्षक अनुज एक्का, चंद्र विजय साय तथा आरक्षक आकाश कुजूर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
जशपुर पुलिस द्वारा फरार आरोपियों की धरपकड़ और लंबित मामलों में त्वरित कार्रवाई का अभियान लगातार जारी है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शासकीय कार्य में बाधा डालने तथा कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
