कलेक्टर रोहित व्यास के मार्गदर्शन में 40 विद्यार्थियों का एआई प्रशिक्षण संपन्न,एडीपीओ विनय सिन्हा और प्राचार्य डॉ. अमरेन्द्र सिंह ने विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र किया प्रदाय
ताजा खबरें


बड़ी खबर

कलेक्टर रोहित व्यास के मार्गदर्शन में 40 विद्यार्थियों का एआई प्रशिक्षण संपन्न,एडीपीओ विनय सिन्हा और प्राचार्य डॉ. अमरेन्द्र सिंह ने विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र किया प्रदाय

जशपुर नगर। 

कलेक्टर रोहित व्यास के मार्गदर्शन में जिले के शासकीय महाविद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए संकल्प शिक्षण संस्थान, जशपुर में आयोजित पांच दिवसीय आवासीय एआई प्रशिक्षण का आज सफलतापूर्वक समापन हुआ। उल्लेखनीय है कि कलेक्टर रोहित व्यास के द्वारा जिले में अंतरिक्ष विज्ञान, अनुसंधान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में विद्यार्थियों में रुचि उत्पन्न करने और इसके अध्ययन को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कराए जा रहे हैं। जिले के युवाओं और विद्यार्थियों को इस क्षेत्र में पर्याप्त एक्स्पोज़र उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।   

ज्वाइंट कलेक्टर प्रशांत कुशवाहा के निर्देश पर डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने, विद्यार्थियों को तकनीक व नवाचार से जोड़ने,  तकनीकी कौशल विकसित करने और अध्ययन में एआई के उपयोग के उद्देश्य से इस प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। जिसमें जशपुर जिले के विभिन्न शासकीय महाविद्यालयों के 40 विद्यार्थी सम्मिलित हुए। 

समापन अवसर पर सहायक जिला परियोजना अधिकारी, समग्र शिक्षा विनय सिन्हा एवं एनईएस पीजी कालेज जशपुर के प्राचार्य डॉ. अमरेंद्र सिंह के द्वारा प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।

प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, जेनरेटिव एआई, प्रॉम्प्ट इंजीनियरिंग, चैटजीपीटी, जैमिनी, कोपायलट डेटा एनालिसिस एवं अन्य एआई टूल्स के व्यावहारिक उपयोग की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को एआई आधारित प्रोजेक्ट तैयार करने के साथ-साथ एआई एथिक्स, डेटा प्राइवेसी, सिक्योरिटी और डीपफेक जैसे महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी भी दी गई। समापन अवसर पर विद्यार्थियों ने प्रशिक्षण के अनुभव साझा किए और सीखी गई तकनीकों का अध्ययन एवं करियर में उपयोग करने की बात कही।

Leave Your Comment

Click to reload image