सरबकोंबो स्कूल में हर्षोल्लास से मना स्वतंत्रता दिवस, विद्यार्थियों की शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां, बेहतर परीक्षा परिणाम के लिए ₹11 हजार की प्रोत्साहन राशि देकर बच्चों को किया प्रोत्साहित
ताजा खबरें


बड़ी खबर

सरबकोंबो स्कूल में हर्षोल्लास से मना स्वतंत्रता दिवस, विद्यार्थियों की शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां, बेहतर परीक्षा परिणाम के लिए ₹11 हजार की प्रोत्साहन राशि देकर बच्चों को किया प्रोत्साहित

नारायणपुर : शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सरबकोंबो में स्वतंत्रता दिवस का पर्व बड़े हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष श्री अमृत दास माणिकपुरी, क्षेत्र की जनपद सदस्य श्रीमती प्रिया सुरेश जैन, ग्राम की सरपंच श्रीमती शशि किरण एक्का, उपसरपंच श्री सुरेश कुमार जैन, वार्ड पंच श्रीमती कल्पना टोप्पो, श्रीमती एंजेला खेस, श्रीमती मकूलता, श्री टकेश्वर यादव, श्री शिवलखन राम, श्री अमर साईराम एवं श्री बुद्धनाथ राम सहित पंडरीपानी से आए ग्रामीणजन, शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं द्वारा देशभक्ति गीत, भाषण, नृत्य सहित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियां दी गईं। विद्यार्थियों ने बहुत ही कम समय में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार तैयारी करते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। उत्कृष्ट प्रस्तुतियों के लिए छात्र-छात्राओं को पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ग्राम की सरपंच श्रीमती शशि किरण एक्का एवं उपसरपंच श्री सुरेश कुमार जैन ने बताया कि विद्यालय में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के लिए शासन द्वारा लगभग ₹50 लाख की लागत से स्टेडियम निर्माण की स्वीकृति प्रदान की गई है। स्टेडियम के निर्माण से विद्यार्थियों एवं ग्रामीण युवाओं को खेलकूद के लिए बेहतर एवं सुविधाजनक वातावरण मिलेगा। विद्यार्थी पढ़ाई के साथ-साथ खेल के क्षेत्र में भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकेंगे तथा अपनी खेल प्रतिभा को निखारने का अवसर प्राप्त करेंगे।

सरपंच श्रीमती शशि किरण एक्का ने विद्यालय के लिए वॉटर कूलर एवं वाटर फिल्टर उपलब्ध कराने तथा विद्यालय की अन्य मूलभूत आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए अपने स्तर पर हरसंभव प्रयास करने का आश्वासन दिया। उन्होंने सभी को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं भी दीं।

शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष श्री अमृत दास माणिकपुरी ने विद्यालय के शिक्षकों एवं विद्यार्थियों को बेहतर परीक्षा परिणाम के लिए प्रेरित करते हुए ₹11,000 की नगद राशि प्रदान की। उन्होंने कहा कि सभी के सामूहिक सहयोग एवं प्रयास से विद्यालय को निरंतर विकास की ओर ले जाया जा सकता है। उन्होंने बच्चों को कहानी के माध्यम से शिक्षा एवं पढ़ाई-लिखाई के महत्व को भी समझाया।

कार्यक्रम में उपस्थित जनपद सदस्य श्रीमती प्रिया सुरेश जैन ने कहा कि विद्यालय में आने पर उन्हें हमेशा अच्छा महसूस होता है। उन्होंने कहा कि विद्यालय के बच्चे एवं शिक्षक शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर मेहनत कर रहे हैं। बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता केवल उन्हें उचित अवसर एवं मंच प्रदान करने की है। उन्होंने विद्यालय के विकास के लिए अपनी ओर से हरसंभव सहयोग करने की बात कही।

कार्यक्रम के पश्चात उपस्थित ग्रामीणजनों एवं विद्यार्थियों को मिष्ठान वितरण किया गया तथा कार्यक्रम में आए अतिथियों के लिए जलपान की व्यवस्था की गई।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्राचार्य श्री महेश केरकेट्टा ने उपस्थित सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणजनों, शाला प्रबंधन समिति, शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय हमेशा बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध रहता है। विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता केवल उन्हें उचित अवसर देने की है। उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों ने बहुत ही कम समय में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार तैयारी कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।

प्राचार्य ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं ग्रामीणजनों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय को निरंतर विकास की ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए विद्यालय परिवार पूरी निष्ठा एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करता रहेगा।

स्वतंत्रता दिवस समारोह उत्साह, देशभक्ति एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों की प्रतिभा को मंच देने के साथ-साथ विद्यालय एवं ग्रामीण समुदाय के बीच सहयोग और सहभागिता की भावना को भी मजबूत किया।

Leave Your Comment

Click to reload image