कलेक्टर रोहित व्यास ने कलेक्टर निवास और कलेक्टोरेट परिसर में किया ध्वजारोहण
ताजा खबरें


बड़ी खबर

कलेक्टर रोहित व्यास ने कलेक्टर निवास और कलेक्टोरेट परिसर में किया ध्वजारोहण

जशपुरनगर, 15 अगस्त 2026। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने आज कलेक्टर निवास एवं कलेक्टोरेट परिसर में ध्वजारोहण किया। ध्वजारोहण के पश्चात कलेक्टर सहित उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं अन्य लोगों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाकर राष्ट्र के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना व्यक्त की।

कलेक्टर श्री व्यास ने सभी अधिकारी-कर्मचारियों एवं उपस्थितजनों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों एवं वीर शहीदों को नमन करते हुए उनके त्याग और बलिदान को स्मरण किया।

इसके पश्चात कलेक्टोरेट के मंत्रणा कक्ष में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्री व्यास ने सभी से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और स्वयं को स्वस्थ रखने का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जब हम स्वस्थ रहेंगे, तभी राष्ट्र निर्माण और देश की प्रगति में पूरी क्षमता के साथ अपना महत्वपूर्ण योगदान दे सकेंगे।

कलेक्टर ने कहा कि अनियमित दिनचर्या और बदलती जीवनशैली के कारण गैर-संचारी रोग तेजी से बढ़ रहे हैं। इनसे बचाव के लिए दैनिक जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना जरूरी है। उन्होंने अनावश्यक तनाव से बचने, नियमित रूप से व्यायाम एवं योग करने तथा खेल गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लेने की अपील की। साथ ही संतुलित एवं पौष्टिक खानपान अपनाने और प्रत्येक व्यक्ति को वर्ष में कम से कम एक बार संपूर्ण स्वास्थ्य परीक्षण कराने पर भी जोर दिया।

उन्होंने कहा कि स्वस्थ रहना केवल व्यक्ति के लिए ही नहीं, बल्कि उसके परिवार और पूरे समाज के लिए महत्वपूर्ण है। स्वस्थ नागरिक ही स्वस्थ समाज और सशक्त राष्ट्र के निर्माण में प्रभावी भूमिका निभा सकते हैं।

कार्यक्रम के दौरान कलेक्टोरेट में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत गीतों और कविताओं की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं, जिससे पूरा वातावरण उत्साह, उमंग और देशभक्ति की भावना से भर गया। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave Your Comment

Click to reload image