आज के बच्चे ही कल का भविष्य, समृद्ध भारत के निर्माण के लिए ले संकल्प - विधायक श्रीमती भगत,वंदे मातरम की जयघोष के साथ दौड़ा जशपुर
ताजा खबरें


बड़ी खबर

आज के बच्चे ही कल का भविष्य, समृद्ध भारत के निर्माण के लिए ले संकल्प - विधायक श्रीमती भगत,वंदे मातरम की जयघोष के साथ दौड़ा जशपुर

जशपुरनगर 14 अगस्त 2026/ स्वतंत्रता दिवस के पूर्व शुक्रवार 14 अगस्त को जिला प्रशासन एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग जशपुर के संयुक्त तत्वावधान में स्वतंत्रता दौड़ का भव्य आयोजन किया गया। सुबह 8 बजे जयस्तंभ चौक जिला अस्पताल से प्रारंभ हुई स्वतंत्रता दौड़ में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का उत्साह देखते ही बना। इसमें स्कूली बच्चों, युवाओं, बुजुर्गों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारी -कर्मचारियों और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने पूरे उत्साह के साथ दौड़ लगाई। दौड़ का शुभारंभ जशपुर विधायक श्रीमती रायमुनी भगत, नगर पालिका अध्यक्ष श्री अरविंद भगत एवं कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने हरी झंडी दिखाकर किया। स्वतंत्रता दौड़ जिला अस्पताल से प्रारंभ होकर बस स्टैंड चौक होते हुए रणजीता स्टेडियम पहुंचकर संपन्न हुई। इस दौरान प्रतिभागियों ने वंदे मातरम, भारत माता की जय और देशभक्ति के नारों से शहर को गुंजायमान कर दिया। इस दौड़ में जनपद अध्यक्ष जशपुर श्री गंगाराम भगत, एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह, जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक कुमार, डीएफओ श्री शशि कुमार सहित स्कूली बच्चों एवं युवाओं के साथ जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, सामाजिक संगठन, खेल संघ, एनसीसी, स्काउट एवं गाइड, राष्ट्रीय सेवा योजना, रेडक्रॉस, पुलिस बल, वन विभाग तथा मीडिया प्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए।


*आज के बच्चे ही कल का भविष्य, शिक्षा और संस्कार पर दें जोर* -

इस अवसर पर विधायक श्रीमती रायमुनी भगत ने स्वतंत्रता दौड़ में शामिल बच्चों एवं युवाओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि 14 अगस्त का दिन देश की आजादी की खुशी के साथ-साथ भारत विभाजन की पीड़ा को भी स्मरण करने का दिन है। उन्होंने विभाजन के दौरान अपने प्रियजनों से बिछड़े लोगों और देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर बलिदानियों को नमन किया। उन्होंने कहा कि आज स्वतंत्र भारत में प्रत्येक नागरिक को शिक्षा, रोजगार, व्यवसाय और अपनी प्रतिभा के अनुरूप आगे बढ़ने के अवसर प्राप्त हैं। सशक्त और समृद्ध भारत के निर्माण के लिए आज के बच्चों को अच्छी शिक्षा प्राप्त करने तथा युवाओं को नशे से दूर रहकर सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने का संकल्प लेना होगा। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष श्री अरविंद भगत ने बच्चों एवं युवाओं को राष्ट्र निर्माण के प्रति प्रेरित करते हुए कहा कि हमें ऐसे उत्कृष्ट कार्य करने चाहिए, जिससे हमारे माता-पिता, जशपुर, छत्तीसगढ़ और देश का मान पूरे विश्व में बढ़े। उन्होंने युवाओं से नशामुक्ति का संकल्प लेने का आह्वान करते हुए कहा कि नशा समाज की बड़ी कुरीतियों में से एक है और इसे समाप्त करने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने हर घर तिरंगा अभियान के तहत सभी नागरिकों से अपने घरों पर तिरंगा फहराने की अपील भी की।


*स्वतंत्रता दौड़ के साथ दिया नशामुक्त भारत का संदेश* -

कार्यक्रम के दौरान ‘नशामुक्त भारत’ अभियान के तहत उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं नागरिकों को नशामुक्त समाज के निर्माण में योगदान देने की शपथ दिलाई गई। साथ ही देश की एकता एवं अखंडता को अक्षुण्ण रखने तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया गया।

Leave Your Comment

Click to reload image