शादी का झांसा देकर विधवा महिला से दुष्कर्म, बच्चा होने के बाद मुकरा आरोपी... दूसरी ओर 15 वर्षीय नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले गया युवक, दैहिक शोषण के बाद छोड़ा घर के पास... पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार कर भेजा जेल
ताजा खबरें


बड़ी खबर

शादी का झांसा देकर विधवा महिला से दुष्कर्म, बच्चा होने के बाद मुकरा आरोपी... दूसरी ओर 15 वर्षीय नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले गया युवक, दैहिक शोषण के बाद छोड़ा घर के पास... पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार कर भेजा जेल

जशपुर, 3 अगस्त। जशपुर जिले में महिलाओं और नाबालिगों के खिलाफ अपराध के दो अलग-अलग मामलों में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। एक मामला कुनकुरी थाना क्षेत्र का है, जहां एक विधवा महिला को शादी का झांसा देकर लंबे समय तक दैहिक शोषण किए जाने का आरोप है। वहीं दूसरा मामला तपकरा थाना क्षेत्र का है, जहां 15 वर्षीय नाबालिग बालिका को मेला दिखाने के बहाने भगा ले जाकर दैहिक शोषण करने का मामला सामने आया है।

कुनकुरी में शादी का झांसा, बच्चा होने के बाद शादी से किया इंकार

पुलिस के अनुसार 27 वर्षीय पीड़िता ने 1 अगस्त को थाना कुनकुरी में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका विवाह वर्ष 2015 में हुआ था और उसके दो बच्चे हैं। वर्ष 2018 में पति की मृत्यु के बाद वह मायके में रह रही थी।

इसी दौरान वर्ष 2021 में एक शादी समारोह में उसकी मुलाकात सत्यनारायण राम (30 वर्ष) से हुई। दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और वर्ष 2024 में आरोपी ने शादी का वादा कर पीड़िता के साथ शारीरिक संबंध बनाए। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी लगातार शादी का भरोसा देकर उसका दैहिक शोषण करता रहा।

इस दौरान पीड़िता गर्भवती हुई और उसने एक बच्चे को जन्म दिया। बाद में जब उसने शादी के लिए दबाव बनाया तो आरोपी टालमटोल करता रहा और अंततः शादी से इंकार कर दिया।

रिपोर्ट के आधार पर थाना कुनकुरी पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 69 के तहत अपराध दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

तपकरा में नाबालिग को मेला दिखाने के बहाने ले गया युवक

दूसरे मामले में तपकरा थाना क्षेत्र के एक ग्रामीण ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी 15 वर्षीय बेटी 29 जुलाई को बिना बताए घर से चली गई थी। परिवार लगातार उसकी तलाश कर रहा था।

1 अगस्त को बालिका स्वयं घर लौट आई। पूछताछ में उसने बताया कि उसका परिचित आदर्श भगत (19 वर्ष) उसे मेला दिखाने के बहाने मोटरसाइकिल से अपने साथ ले गया। आरोपी ने रास्ते में उससे प्रेम और शादी की बात कहकर अपने घर ले जाकर तीन दिनों तक रखा और इस दौरान उसका दैहिक शोषण किया।

इसके बाद आरोपी ने 1 अगस्त को बालिका को उसके घर के पास छोड़ दिया।

परिजनों की शिकायत पर थाना तपकरा पुलिस ने बीएनएस की धारा 137(2), 64(2)(m), 65(1), 87 तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 4, 5 और 6 के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त हीरो पैशन प्रो मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है।

दोनों मामलों में पुलिस की त्वरित कार्रवाई

कुनकुरी पुलिस ने आरोपी सत्यनारायण राम को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पर्याप्त साक्ष्य मिलने और अपराध स्वीकार करने के बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

इसी प्रकार तपकरा पुलिस ने भी आरोपी आदर्श भगत को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। दोनों मामलों की विवेचना जारी है।

इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका

कुनकुरी मामले में पीएसआई देविका मंडावी, एएसआई ईश्वर प्रसाद वारले, प्रधान आरक्षक दलेश्वर यादव तथा आरक्षक नंदलाल यादव और सुजीत खाखा ने कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

तपकरा मामले में थाना प्रभारी संदीप कुमार कौशिक, पीएसआई संदीप कुमार चौरसिया, एएसआई प्रेमिका कुजूर, प्रधान आरक्षक अजय कुमार लकड़ा तथा आरक्षक केश्वर भगत, पुनीत साय और महिला आरक्षक मंजू यादव की विशेष भूमिका रही।

एसएसपी का संदेश

डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि जशपुर पुलिस महिलाओं और बच्चों से जुड़े अपराधों को लेकर बेहद संवेदनशील है। ऐसे मामलों में तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया जा रहा है और उनके विरुद्ध कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Leave Your Comment

Click to reload image