देव पब्लिक स्कूल में स्टूडेंट काउंसिल का गठन, हेड बॉय-हेड गर्ल समेत विभिन्न पदों पर विद्यार्थियों को मिली बड़ी जिम्मेदारी, नेतृत्व और व्यक्तित्व विकास की दिशा में नई पहल
जशपुरनगर। देव पब्लिक स्कूल, जशपुर में शनिवार को विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, जिम्मेदारी और टीम भावना विकसित करने के उद्देश्य से स्टूडेंट काउंसिल का गठन किया गया। विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न महत्वपूर्ण पदों के लिए छात्र-छात्राओं का चयन किया गया। इस दौरान विद्यालय प्रबंधन, प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाओं और विद्यार्थियों की उपस्थिति रही।
स्टूडेंट काउंसिल के तहत हेड बॉय, हेड गर्ल, स्कूल कैप्टन, कल्चरल इंचार्ज, स्पोर्ट्स सेक्रेट्री, हाउस कैप्टन, हाउस वाइस कैप्टन, इको क्लब और लिटरेसी क्लब सहित विभिन्न पदों का गठन किया गया। चयनित विद्यार्थी अब विद्यालय की शैक्षणिक, सांस्कृतिक, खेलकूद, पर्यावरण और साहित्यिक गतिविधियों के संचालन में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को उनके दायित्वों की जानकारी देते हुए बताया गया कि हेड बॉय और हेड गर्ल विद्यार्थियों के बीच समन्वय स्थापित करेंगे, जबकि स्कूल कैप्टन अनुशासन और टीम भावना को मजबूत करने का कार्य करेंगे। वहीं कल्चरल इंचार्ज सांस्कृतिक कार्यक्रमों और स्पोर्ट्स सेक्रेट्री खेल गतिविधियों का नेतृत्व करेंगे। हाउस कैप्टन एवं वाइस कैप्टन अपने-अपने हाउस की गतिविधियों का संचालन करेंगे।
विद्यालय में इको क्लब और लिटरेसी क्लब का भी गठन किया गया। इको क्लब के माध्यम से विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और पौधारोपण के प्रति जागरूकता विकसित की जाएगी, जबकि लिटरेसी क्लब के जरिए पठन-पाठन, लेखन, भाषण, वाद-विवाद और साहित्यिक गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाएगा।
इस अवसर पर विद्यालय के मैनेजिंग डायरेक्टर ओम प्रकाश सिन्हा ने कहा कि नेतृत्व केवल पद प्राप्त करना नहीं, बल्कि जिम्मेदारी, अनुशासन और सहयोग की भावना के साथ कार्य करना है। उन्होंने चयनित विद्यार्थियों से अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का आह्वान किया।
उप प्राचार्य एरिक सोरेंग ने कहा कि स्टूडेंट काउंसिल विद्यार्थियों में नेतृत्व, निर्णय लेने की क्षमता, आत्मविश्वास और टीमवर्क जैसे गुणों का विकास करती है, जो उनके भविष्य के लिए बेहद उपयोगी साबित होंगे।
कार्यक्रम के अंत में नवगठित स्टूडेंट काउंसिल के सभी सदस्यों ने विद्यालय के हित में कार्य करने, अनुशासन बनाए रखने और अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा से पालन करने का संकल्प लिया। विद्यालय प्रबंधन ने उम्मीद जताई कि इस पहल से विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास और नेतृत्व क्षमता को नई दिशा मिलेगी।
