नारायणपुर में बिजली व्यवस्था पूरी तरह बेपटरी, दिनभर दर्जनों बार हुई बिजली की आंख-मिचौली से आमजन बेहाल, हाथी प्रभावित क्षेत्र और बरसात के बीच अंधेरे ने बढ़ाई लोगों की चिंता
नारायणपुर। नारायणपुर क्षेत्र में शनिवार को दिनभर बिजली की लगातार आंख-मिचौली से आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। सुबह से लेकर देर शाम तक हर 20 से 25 मिनट के अंतराल में बिजली का आना-जाना जारी रहा। लगातार हो रही इस कटौती से लोगों का जनजीवन प्रभावित हो गया है और विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बिजली कुछ मिनटों के लिए आती है और फिर अचानक चली जाती है। पूरे दिन में दर्जनों बार ऐसा होने से घरेलू कार्यों के साथ-साथ व्यापारिक गतिविधियां भी प्रभावित हुईं। सबसे अधिक चिंता इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को लेकर बनी हुई है। उपभोक्ताओं का कहना है कि बार-बार बिजली आने-जाने से फ्रिज, कूलर, टीवी, इन्वर्टर, पंखे और अन्य विद्युत उपकरण खराब होने का खतरा लगातार बना हुआ है।
ग्रामीणों ने बताया कि पूरा क्षेत्र हाथी प्रभावित इलाका है। ऐसे में रात के समय बिजली गुल रहने से जंगली हाथियों की आवाजाही का खतरा और बढ़ जाता है। अंधेरे के कारण लोगों को घरों से बाहर निकलने में डर बना रहता है और किसी भी अप्रिय घटना की आशंका बनी रहती है।
वहीं इन दिनों बरसात का मौसम होने से सांप, बिच्छू और अन्य जहरीले जीव-जंतुओं के निकलने की संभावना भी अधिक रहती है। बिजली नहीं रहने से अंधेरे में इनसे सामना होने का खतरा बना रहता है, जिससे ग्रामीणों में भय का माहौल है।
क्षेत्रवासियों का आरोप है कि जब भी विद्युत विभाग के कर्मचारियों से संपर्क किया जाता है तो हर बार यही जवाब मिलता है कि "लाइन में फाल्ट है।" लोगों का कहना है कि यदि वास्तव में फाल्ट है तो विभाग पूरे दिन में भी उसे ठीक नहीं कर पा रहा है, जिससे उपभोक्ताओं को लगातार परेशानी उठानी पड़ रही है।
नागरिकों ने विद्युत विभाग से मांग की है कि बार-बार हो रही बिजली की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए, लाइन में आ रहे फाल्ट को तत्काल दूर किया जाए तथा निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।
