नशे में बेटे ने पिता की लकड़ी की फाड़ी से की हत्या, मामूली विवाद बना खूनी वारदात; आरोपी गिरफ्तार
ताजा खबरें


बड़ी खबर

नशे में बेटे ने पिता की लकड़ी की फाड़ी से की हत्या, मामूली विवाद बना खूनी वारदात; आरोपी गिरफ्तार

जशपुर/नारायणपुर। जशपुर जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कलिया में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। मामूली विवाद के बाद शराब के नशे में धुत बेटे ने अपने ही पिता की लकड़ी की फाड़ी से हमला कर हत्या कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त लकड़ी की फाड़ी भी बरामद कर ली है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, 16 जुलाई 2026 को अजय कुमार नाग (30) ने थाना नारायणपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह खेती के काम से अपनी पत्नी और बच्चों के साथ खेत गया हुआ था। घर पर उसके माता-पिता और बड़ा भाई पूना राम नाग मौजूद थे। शाम करीब 4 बजे रिश्तेदार ने सूचना दी कि उसके बड़े भाई ने पिता बंधु नाग (52) की हत्या कर दी है।

सूचना मिलते ही अजय घर पहुंचा तो आंगन में पिता का शव खून से लथपथ पड़ा मिला। पूछताछ में उसकी मां ने बताया कि आरोपी पूना राम नाग शराब के नशे में घर आया था। पिता द्वारा काम-धंधा नहीं करने की बात कहने पर दोनों के बीच विवाद हो गया। गुस्से में आरोपी ने आंगन में पड़ी लकड़ी की फाड़ी उठाकर पिता के सिर और कनपटी पर कई वार कर दिए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

रिपोर्ट के आधार पर नारायणपुर थाना पुलिस ने बीएनएस की धारा 103 के तहत हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी की। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लकड़ी की फाड़ी भी बरामद कर ली गई।

पुलिस ने पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी पूना राम नाग (35), निवासी ग्राम कलिया, थाना नारायणपुर को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक कोमल सिंह नेताम, पीएसआई संतोष वर्मा, प्रधान आरक्षक पुरन पटेल, आरक्षक कुलदीप खलखो तथा नगर सैनिक ओम प्रकाश और वीरेन्द्र भगत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि पिता की हत्या के आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है तथा मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

Leave Your Comment

Click to reload image