शिक्षा व्यवस्था में बदलाव की तैयारी! मनोरा में संकुल समन्वयकों को दिया गया विशेष प्रशिक्षण, स्थानीय संसाधनों से बच्चों को रोचक ढंग से पढ़ाने पर फोकस
ताजा खबरें


बड़ी खबर

शिक्षा व्यवस्था में बदलाव की तैयारी! मनोरा में संकुल समन्वयकों को दिया गया विशेष प्रशिक्षण, स्थानीय संसाधनों से बच्चों को रोचक ढंग से पढ़ाने पर फोकस

मनोरा। शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार और नवाचारी शिक्षण पद्धतियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बीआरसीसी कार्यालय मनोरा में विकासखंड शिक्षा विभाग एवं अज़ीम प्रेमजी फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में संकुल शैक्षिक समन्वयकों (सीएसी) की एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों में छात्र-केंद्रित और गतिविधि आधारित शिक्षण को प्रभावी बनाने पर विस्तार से प्रशिक्षण दिया गया।

कार्यशाला का मार्गदर्शन विकासखंड शिक्षा अधिकारी तरुण पटेल, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी जगतपाल राम एवं बीआरसीसी आशुतोष शर्मा ने किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा को बच्चों के लिए रोचक और व्यवहारिक बनाना समय की आवश्यकता है। इसी उद्देश्य से प्रशिक्षण में खेल-खेल में सीखने की विभिन्न गतिविधियों का प्रदर्शन किया गया।

प्रशिक्षकों ने 'दूर-पास', 'आगे-पीछे' और 'छोटा-बड़ा' जैसी मूलभूत अवधारणाओं को बच्चों तक सरल तरीके से पहुँचाने के उपाय बताए। साथ ही स्थानीय स्तर पर उपलब्ध सामग्री जैसे पत्तियां, डंडियां, पेंसिल आदि के माध्यम से तार्किक सोच और गणितीय समझ विकसित करने के नवाचार साझा किए गए। कार्यशाला में संकुल विकास योजना निर्माण एवं प्रधान पाठक प्रोजेक्ट पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

विद्यालयों में लोकतांत्रिक मूल्यों के विकास के लिए बाल कैबिनेट के गठन तथा बाल शोध गतिविधियों को बढ़ावा देने की रूपरेखा प्रस्तुत की गई। अज़ीम प्रेमजी फाउंडेशन की ओर से स्कूल मॉनिटरिंग के लिए चेकलिस्ट उपलब्ध कराई गई तथा मुस्कान पुस्तकालय के संचालन हेतु रजिस्टर प्रारूप भी वितरित किए गए। अधिकारियों ने सुझाव दिया कि पुस्तकालय के रजिस्टरों का संधारण स्वयं विद्यार्थियों से कराया जाए, जिससे उनमें जिम्मेदारी, नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास का विकास हो सके।

कार्यशाला में मनोरा विकासखंड के सभी संकुल शैक्षिक समन्वयकों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। प्रमुख रूप से सत्यदीप प्रसाद, अजीत कुमार सिदार, सरिता टोप्पो, लोकनाथ प्रसाद यादव, संजय प्रसाद यादव, राम लखन यादव, निर्दोष कुमार, प्रेम कुमार यादव, प्रेमलाल बर्मन, दिनेश त्रिपाठी, मुनेश्वर यादव, प्रशांत सड़ंगी, विवेक गुप्ता, किशोर यादव, पवन कुमार सिंह, हरीश कुमार महंत, जागेश्वर प्रसाद यादव, उपेंद्र कुमार पंकज, कालेश्वर राम भगत, सुमन भगत, राजेश विश्वकर्मा, सुरेश कुमार राम, लक्ष्मी नारायण भगत, बीरबल राम एवं सुरेश कुजूर सहित अन्य शिक्षाविद उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि इस प्रकार के नियमित प्रशिक्षण एवं नवाचार आधारित प्रयासों से मनोरा विकासखंड के विद्यालयों में शिक्षण व्यवस्था और अधिक प्रभावी बनेगी तथा विद्यार्थियों के सीखने के स्तर में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिलेगा।

Leave Your Comment

Click to reload image