कटहल की खुशबू खींच लाई पेड़ तक... फिर टहनी में फंस गया जंगली भालू, जशपुर के गजमा गांव में घंटों चला रेस्क्यू ऑपरेशन,ट्रैंक्विलाइज कर सुरक्षित उतारा गया, स्वास्थ्य परीक्षण के बाद जंगल में छोड़ा गया
जशपुर। जशपुर के मनोरा वनपरिक्षेत्र अंतर्गत गजमा गांव में एक अनोखी घटना देखने को मिली। गांव में लगे कटहल के पेड़ की खुशबू से आकर्षित होकर एक जंगली भालू पेड़ पर चढ़ गया, फल तक पहुंचने के दौरान वह कटहल की मोटी टहनी में बुरी तरह फंस गया। काफी देर तक निकलने की कोशिश करने के बावजूद भालू खुद को छुड़ा नहीं सका।
भालू के पेड़ पर फंसे होने की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थिति को देखते हुए तत्काल इसकी सूचना वन विभाग और GNWS की रेस्क्यू टीम को दी गई।
सूचना मिलते ही वन अमला और विशेषज्ञ रेस्क्यू दल मौके पर पहुंचा। सबसे पहले ग्रामीणों को सुरक्षित दूरी पर किया गया ताकि भालू घबराकर कोई आक्रामक कदम न उठाए। इसके बाद विशेषज्ञों ने पूरी सावधानी के साथ रेस्क्यू की रणनीति बनाई।
कुछ देर के बाद टीम ने भालू को सुरक्षित तरीके से बेहोश (ट्रैंक्विलाइज) किया। उसे सावधानीपूर्वक पेड़ की टहनी से नीचे उतारा गया। पूरे अभियान के दौरान वन विभाग के अधिकारियों और रेस्क्यू टीम ने सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा, जिससे किसी भी व्यक्ति या भालू को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।
नीचे उतारने के बाद पशु चिकित्सकों द्वारा भालू का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। जांच में उसकी स्थिति सामान्य मिलने पर कुछ समय निगरानी में रखने के बाद उसे उसके प्राकृतिक आवास के सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया गया।
इस अनोखे रेस्क्यू अभियान को देखने के लिए आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए थे। हालांकि वन विभाग की सतर्कता और व्यवस्थित व्यवस्था के कारण पूरा अभियान सुरक्षित और सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि यदि भविष्य में किसी भी जंगली जानवर की गतिविधि दिखाई दे तो उसके पास जाने या उसे परेशान करने के बजाय तत्काल वन विभाग को सूचना दें, ताकि समय रहते सुरक्षित रेस्क्यू किया जा सके।

