चिरमिरी में अवैध महुआ शराब कारोबार पर पुलिस का बड़ा प्रहार, 10 दिनों में 8 आरोपी गिरफ्तार; 32 लीटर महुआ शराब जब्त, आगे भी जारी रहेगा सख्त अभियान
ताजा खबरें


बड़ी खबर

चिरमिरी में अवैध महुआ शराब कारोबार पर पुलिस का बड़ा प्रहार, 10 दिनों में 8 आरोपी गिरफ्तार; 32 लीटर महुआ शराब जब्त, आगे भी जारी रहेगा सख्त अभियान

चिरमिरी। जिले में अवैध महुआ शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चिरमिरी पुलिस ने लगातार सख्त कार्रवाई करते हुए महज 10 दिनों के भीतर 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 32 लीटर अवैध महुआ शराब बरामद की है। पुलिस की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।

पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज एवं पुलिस अधीक्षक एमसीबी के निर्देशन में जिलेभर में अवैध गतिविधियों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत थाना चिरमिरी पुलिस ने थाना क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर अवैध महुआ शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई की। बरामद की गई 32 लीटर महुआ शराब की अनुमानित कीमत करीब 6 हजार 400 रुपये बताई गई है। सभी आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।

लगातार दबिश से शराब कारोबारियों में मचा हड़कंप

पुलिस द्वारा लगातार की जा रही कार्रवाई से अवैध महुआ शराब का कारोबार करने वालों में दहशत का माहौल है। थाना क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में पुलिस टीम लगातार निगरानी रखते हुए सूचना के आधार पर कार्रवाई कर रही है। पुलिस का कहना है कि भविष्य में भी अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

इन आरोपियों से हुई शराब की जब्ती

कार्रवाई के दौरान गैयालाल निवासी सतनी के कब्जे से 4 लीटर, विजय कुमार खैरवार से 4.5 लीटर, सीता बखला निवासी गोंदला दफाई हल्दीबाड़ी से 4 लीटर, सुनीन निवासी ईटवा दफाई से 4 लीटर, सरिता अहिरवार निवासी मितानिया नगर कोरिया कॉलरी से 4 लीटर, प्रमाबाई निवासी डोगनहिल से 4 लीटर, हरिश्चंद्र केवट निवासी दलगजन दफाई से 3 लीटर तथा एक अन्य आरोपी से 4 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त की गई। सभी मामलों में आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।

पुलिस ने दी सख्त चेतावनी

चिरमिरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं दिया जाएगा। पुलिस लगातार निगरानी रख रही है और सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जा रही है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण के लिए आगे भी इसी तरह का अभियान लगातार जारी रहेगा।

पुलिस टीम की रही अहम भूमिका

पूरी कार्रवाई में थाना चिरमिरी एवं चौकी कोरिया के अधिकारियों और कर्मचारियों की सक्रिय एवं सराहनीय भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि कहीं अवैध शराब का निर्माण, बिक्री या परिवहन होता दिखाई दे तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि ऐसे अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

Leave Your Comment

Click to reload image