कलेक्टर रोहित व्यास की अभिनव पहल से जशपुर के सरकारी स्कूलों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस शिक्षा का विस्तार, सेजेस कोतबा और जशपुर के 324 विद्यार्थियों ने लिया विशेष प्रशिक्षण
जशपुर।
कलेक्टर रोहित व्यास की पहल और नवगुरूकुल के सहयोग से पीएम श्री सेजेस कोतबा में ई- शिक्षा पर आधारित आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस शिक्षण प्रशिक्षण संपन्न हुआ। 6 दिनों तक चले कार्यक्रम में पीएमश्री स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय कोतबा के 204 विद्यार्थियों ने प्रशिक्षण के माध्यम से एआई का अध्ययन में उपयोग करना सीखा। स्वामी आत्मानंद हिंदी माध्यम विद्यालय जशपुर के 120 विद्यार्थियों ने भी प्रशिक्षण प्राप्त किया।
ज्वाइंट कलेक्टर प्रशांत कुशवाहा और जिला शिक्षा अधिकारी नरेंद्र सिन्हा के निर्देश पर जशपुर जिले के 15 विद्यालयों में प्रतिदिन 02 बैच में कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए प्रशिक्षण आयोजित कराया जा रहा है।
तकनीकी शिक्षा को बढ़ावा देने और अध्ययन में इसके उपयोग को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन और नवगुरूकुल के द्वारा पीएमश्री, केंद्रीय, नवोदय , स्वामी आत्मानंद, कस्तूरबा गांधी और आईसीटी लैब युक्त विद्यालयों में एआई शिक्षण प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित कराया जा रहा है।
नवगुरूकुल के करिकुलम सपोर्ट टीम से श्रीमती दीपालोचनी कार्तिक व श्रीमती नीलम चौहान और यशस्वी जशपुर से अवनीश पाण्डेय समन्वय कर रहे हैं।
प्रशिक्षण में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मूल अवधारणा और कार्यप्रणाली की जानकारी दी गई। प्रशिक्षण में एआई टूल्स के सैद्धांतिक और प्रयोगिक सत्र शामिल रहे । प्रशिक्षण में विद्यार्थियों को एआई टूल्स के लिए सही प्रॉम्प्ट देने , AI की हिस्ट्री और इसके इवोल्यूशन के विषय में बताया गया। इसके बेसिक्स, महत्व और दैनिक जीवन में इसके रियल-लाइफ एप्लीकेशंस पर चर्चा की गई। साथ ही सत्र में आधुनिक एआई टूल्स का लाइव डेमोंस्ट्रेशन हुआ, जिसके अंतर्गत विद्यार्थियों को गूगल लेंस, गूगल ट्रांसलेट, चैट जीपीटी और जैमिनी जैसे टूल्स का लाइव डेमो देकर उनके प्रैक्टिकल उपयोग सिखाए गए। प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों की आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस विषय की समझ को मजबूत बनाने के लिए सहभागितापूर्ण गतिविधियाँ आयोजित की गईं। विद्यार्थियों ने एआई टूल्स का स्वयं उपयोग करते हुए व्यावहारिक अभ्यास किया, जिससे उनकी तकनीकी समझ और तार्किक सोच का विकास हुआ। प्रशिक्षण में समूह चर्चा एवं टीम आधारित गतिविधियों के माध्यम से समस्या समाधान और सहयोगात्मक कार्य करने की क्षमता को भी प्रोत्साहित किया गया। सत्र के अंत में विद्यार्थियों का मूल्यांकन करने के लिए एक क्विज़ भी आयोजित किया गया। साथ ही विद्यार्थियों को अपने विचार प्रस्तुत करने, प्रश्न पूछने और पूरे प्रशिक्षण के दौरान सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रेरित किया गया।
पीएम श्री सेजेस कोतबा में सुश्री नीतू तथा सुश्री प्रियंका ठाकुर और सेजेस हिंदी माध्यम विद्यालय जशपुर में सुश्री रेणुका चक्रधारी तथा सुश्री संजना मरकाम ने विद्यार्थियों को ट्रेनिंग दिया। प्रशिक्षण में पत्थलगांव विकासखंड शिक्षा अधिकारी वेदानंद आर्य, एबीईओ एन. छत्तर, सेजेस कोतबा के प्राचार्य जे.के. सिदार का विशेष योगदान रहा।
