सरगुजा संभाग के सभी जिलों में किरायेदारों, बाहरी व्यक्तियों, संदिग्धों और अन्य राज्यों के फरार आरोपियों के खिलाफ चलेगा व्यापक सत्यापन अभियान, आईजी दीपक कुमार झा के सख्त निर्देश पर पुलिस करेगी घर-घर जांच
ताजा खबरें


बड़ी खबर

सरगुजा संभाग के सभी जिलों में किरायेदारों, बाहरी व्यक्तियों, संदिग्धों और अन्य राज्यों के फरार आरोपियों के खिलाफ चलेगा व्यापक सत्यापन अभियान, आईजी दीपक कुमार झा के सख्त निर्देश पर पुलिस करेगी घर-घर जांच

अंबिकापुर। सरगुजा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक श्री दीपक कुमार झा ने संभाग के सभी जिलों में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से किरायेदारों, बाहरी व्यक्तियों, संदिग्ध लोगों, मुसाफिरों तथा अन्य राज्यों के फरार आरोपियों के विशेष सत्यापन अभियान के निर्देश दिए हैं। इसके तहत प्रत्येक जिले में पुलिस टीम बीट और वार्ड स्तर पर व्यापक जांच करेगी।

यह निर्णय हाल ही में सामने आए उस मामले के बाद लिया गया है, जिसमें झारखंड के धनबाद निवासी हत्या का फरार आरोपी और गैंगस्टर साबीर आलम वर्ष 2013 से अंबिकापुर के मोमिनपुरा क्षेत्र में बस कंपनी और सिलाई दुकान की आड़ में पहचान छिपाकर रह रहा था। आरोपी को झारखंड हाईकोर्ट द्वारा भगोड़ा घोषित किया जा चुका था। पुलिस के अनुसार इस मामले में स्थानीय स्तर पर उसे शरण मिलने के संकेत भी मिले हैं।

आईजी ने सभी पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिए हैं कि शहरी क्षेत्रों को बीट और वार्डवार विभाजित कर जिम्मेदार अधिकारी नियुक्त किए जाएं। पुलिस किरायेदारों, होटल-ढाबों, ईंट भट्ठों, उद्योगों में कार्यरत श्रमिकों, घुमंतू लोगों, फेरीवालों और मुसाफिरों का सत्यापन करेगी। मकान मालिकों से किरायेदारों की पूरी जानकारी ली जाएगी और जानकारी छिपाने या सहयोग नहीं करने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

इसके अलावा निगरानीशुदा बदमाशों, गुंडा सूची के अपराधियों तथा जिला बदर किए गए व्यक्तियों की भी नियमित जांच के निर्देश दिए गए हैं। प्रत्येक जिले में इस अभियान की निगरानी के लिए एक राजपत्रित अधिकारी को नोडल अधिकारी बनाया जाएगा।

पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि उनके मोहल्ले या वार्ड में कोई संदिग्ध व्यक्ति, बाहरी अपराधी या फरार आरोपी निवास कर रहा हो तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। पुलिस ने नागरिकों से सत्यापन अभियान में सहयोग करने और सुरक्षित समाज के निर्माण में भागीदारी निभाने की अपील की है।

Leave Your Comment

Click to reload image