स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही अब नहीं होगी बर्दाश्त! कलेक्टर रोहित व्यास का कांसाबेल अस्पताल पर औचक निरीक्षण, बायोमेट्रिक हाजिरी से लेकर एम्बुलेंस मरम्मत तक दिए सख्त निर्देश
ताजा खबरें


बड़ी खबर

स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही अब नहीं होगी बर्दाश्त! कलेक्टर रोहित व्यास का कांसाबेल अस्पताल पर औचक निरीक्षण, बायोमेट्रिक हाजिरी से लेकर एम्बुलेंस मरम्मत तक दिए सख्त निर्देश

जशपुरनगर, 09 जुलाई 2026/ जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री रोहित व्यास लगातार स्वास्थ्य संस्थानों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं। इसी क्रम में उन्होंने आज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कांसाबेल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं, चिकित्सकों एवं मेडिकल स्टाफ की उपलब्धता, आवश्यक चिकित्सा उपकरणों तथा मरीजों को प्रदान की जा रही सेवाओं की विस्तृत जानकारी लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री व्यास ने सभी चिकित्सकों एवं कर्मचारियों को समय पर उपस्थित होकर अपने दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने अस्पताल में आधार आधारित बायोमेट्रिक उपस्थिति प्रणाली को अनिवार्य रूप से लागू करने के लिए भी निर्देशित किया।
       कलेक्टर श्री व्यास ने अस्पताल में आने वाले मरीजों एवं उनके परिजनों के लिए पर्याप्त बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने अस्पताल परिसर में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था करने हेतु निर्देशित किया। साथ ही अस्पताल भवन में जहां भी सीपेज को ठीक करने अथवा अन्य मरम्मत कार्य की आवश्यकता हो, उसका प्रस्ताव तैयार कर शीघ्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने अस्पताल की खराब पड़ी एक एम्बुलेंस को शीघ्र मरम्मत कर पुनः संचालन में लाने के निर्देश अधिकारियों को दिए, ताकि आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित न हों। उन्होंने अस्पताल भवन, शौचालय एवं पूरे परिसर की नियमित साफ-सफाई बनाए रखने को कहा। साथ ही अनुपयोगी एवं कबाड़ में पड़े सामानों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। इस अवसर पर ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ. एस.आर. टोप्पो, तहसीलदार श्रीमती आस्था चंद्राकर, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री संदीप मरावी, डीपीएम श्री राजीव रंजन मिश्रा सहित अस्पताल के चिकित्सक एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित थे।

Leave Your Comment

Click to reload image