भाजपा के नए जिला कार्यालय का भव्य लोकार्पण, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय बोले— 'यह केवल भवन नहीं, राष्ट्रसेवा और कार्यकर्ताओं की तपस्या का देवालय'
कवर्धा 09 जुलाई ।
कबीरधाम जिले में भारतीय जनता पार्टी के संगठनात्मक विस्तार और जनसेवा के संकल्प को नई मजबूती देते हुए बुधवार को नवनिर्मित भाजपा जिला कार्यालय का भव्य लोकार्पण किया गया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह की गरिमामयी उपस्थिति में नवीन कार्यालय का लोकार्पण किया। समारोह में भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में नागरिकों की मौजूदगी ने आयोजन को उत्साहपूर्ण बना दिया।
लोकार्पण समारोह में भाजपा के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जम्वाल, प्रदेश महामंत्री (संगठन) पवन साय, प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन, राजनांदगांव सांसद संतोष पांडेय, पंडरिया विधायक भावना बोहरा, प्रदेश उपाध्यक्ष जगन्नाथ पाणिग्रही, प्रदेश कोषाध्यक्ष नंदन जैन, भाजपा जिला अध्यक्ष राजेंद्र चंद्रवंशी सहित अनेक वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने संबोधन में कहा कि किसी भी राजनीतिक दल की सबसे बड़ी ताकत उसका सशक्त संगठन होता है। उन्होंने कहा कि नया जिला कार्यालय संगठनात्मक गतिविधियों को नई गति देगा और कार्यकर्ताओं को जनसेवा के लिए एक सशक्त मंच उपलब्ध कराएगा। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्रसेवा का एक सतत अभियान है। भाजपा का प्रत्येक कार्यालय कार्यकर्ताओं के लिए किसी देवालय से कम नहीं है, जहां राष्ट्र प्रथम की भावना, सेवा का संस्कार और अंत्योदय का संकल्प प्रतिदिन जीवंत रहता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह भवन उन हजारों समर्पित कार्यकर्ताओं को समर्पित है, जिन्होंने वर्षों तक निस्वार्थ भाव से संगठन को मजबूत बनाने में अपना योगदान दिया। उन्होंने विश्वास जताया कि संगठन की यही ताकत विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि कवर्धा में स्थापित यह नया जिला कार्यालय संगठन को नई ऊर्जा और नई दिशा प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी शक्ति उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं और यह कार्यालय आने वाले वर्षों में संगठनात्मक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनेगा। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए निरंतर सक्रिय रहने का आह्वान किया।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यालय राष्ट्रसेवा, संगठन की मजबूती और जनकल्याण के संकल्प का प्रतीक होता है। उन्होंने कहा कि यह नया कार्यालय समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं और संगठन की विचारधारा पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और सेवा कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
भाजपा के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जम्वाल ने अपने संबोधन में कहा कि संगठन की वास्तविक शक्ति उसके अनुशासित और समर्पित कार्यकर्ताओं में निहित होती है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता स्वयं संगठन का प्रतिनिधि होता है, इसलिए अनुशासन, सेवा और संगठन की कार्यपद्धति का पालन करना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने बूथ स्तर तक संगठन विस्तार, निरंतर संवाद और समाज के हर वर्ग तक पहुंच बनाने पर विशेष जोर दिया।
कार्यक्रम के अंत में उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने सभी अतिथियों, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और नागरिकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह भवन केवल एक कार्यालय नहीं, बल्कि भारतीय जनता पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता की आस्था, समर्पण और निष्ठा का प्रतीक है। इसकी प्रत्येक ईंट उन अनगिनत कार्यकर्ताओं के संघर्ष, तपस्या और सेवा की कहानी बयां करती है, जिन्होंने संगठन को आज इस मुकाम तक पहुंचाया है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह नया कार्यालय संगठनात्मक गतिविधियों के साथ-साथ जनसेवा के नए अध्याय की शुरुआत करेगा।
लोकार्पण समारोह के दौरान कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। पूरे परिसर में भाजपा के झंडे, स्वागत बैनर और नारों के बीच संगठन की एकजुटता का संदेश दिखाई दिया। कार्यक्रम में उपस्थित नेताओं ने संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत बनाने तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया। समारोह के समापन पर कार्यकर्ताओं ने नए जिला कार्यालय को संगठन की नई ऊर्जा और आगामी राजनीतिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बताते हुए इसे कबीरधाम भाजपा के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताया।
