पीएम किसान सम्मान निधि में अपात्रों पर सख्ती, संदिग्ध मामलों की होगी जांच; कलेक्टर रोहित व्यास ने राजस्व, कृषि और खाद्य विभाग की समीक्षा बैठक में समयबद्ध कार्रवाई के दिए कड़े निर्देश
जशपुरनगर, 06 जुलाई 2026/ कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने आज कलेक्टरेट सभाकक्ष में राजस्व, कृषि एवं खाद्य विभाग के अधिकारियों की संयुक्त समीक्षा बैठक लेकर विभागीय कार्यों और शासन की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध एवं संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। बैठक में अपर कलेक्टर श्री प्रदीप कुमार साहू मौजूद रहे।
कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के सभी पात्र लाभार्थियों का एग्रीस्टैक पोर्टल पर शत-प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पंजीयन कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब पर सम्बंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के संदिग्ध प्रकरणों की जांच शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश देते हुए कहा कि अपात्र हितग्राहियों के नाम तत्काल विलोपित करें, ताकि योजना का लाभ केवल पात्र किसानों तक ही पहुंचे। उन्होंने रासायनिक उर्वरक एवं बीज के भंडारण और वितरण की स्थिति की भी विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने सहकारी समितियों में खाद एवं बीज का पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित करने एवं किसानों को समय पर खाद एवं बीज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
राजस्व विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर श्री व्यास ने आधार एवं मोबाइल नंबर अद्यतन, किसान किताब प्रविष्टि, अविवादित एवं फौती नामांतरण, नक्शा अद्यतन, बटांकन, सीमांकन, ई-नामांतरण, स्वामित्व योजना, अभिलेख दुरुस्तीकरण, अभिलेख शुद्धता, व्यपवर्तन तथा राजस्व न्यायालयों में लंबित प्रकरणों की प्रगति की गहन समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी राजस्व प्रकरणों का नियमानुसार एवं निर्धारित समय-सीमा के भीतर शत-प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित करें। साथ ही लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत प्राप्त सभी आवेदनों एवं शिकायतों का भी समयबद्ध निराकरण करने के निर्देश दिए।
खाद्य विभाग की समीक्षा में कलेक्टर ने राशन कार्डधारकों के ई-केवाईसी कार्य को प्राथमिकता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। ताकि सभी पात्र हितग्राहियों को सार्वजनिक वितरण प्रणाली एवं अन्य शासकीय योजनाओं का लाभ बिना किसी बाधा के मिलता रहे। उन्होंने खाद्यान्न वितरण व्यवस्था की भी समीक्षा करते हुए अधिकारियों को पारदर्शिता एवं समयबद्धता के साथ वितरण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, जिससे हितग्राहियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। बैठक में सभी अनुविभागीय अधिकारी, तहसीलदार, कृषि विभाग के उप संचालक, जिला खाद्य अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
