आशीर्वाद मेडिकल स्टोर में चोरी का 24 घंटे में खुलासा, दो अपचारी बालक हिरासत में, दो आरोपी अस्पताल में भर्ती
ताजा खबरें


बड़ी खबर

आशीर्वाद मेडिकल स्टोर में चोरी का 24 घंटे में खुलासा, दो अपचारी बालक हिरासत में, दो आरोपी अस्पताल में भर्ती

रायगढ़, 6 जुलाई। शहर के चक्रधरनगर क्षेत्र स्थित आशीर्वाद मेडिकल स्टोर में हुई चोरी की वारदात का रायगढ़ पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में दो विधि से संघर्षरत (अपचारी) बालकों को हिरासत में लेकर उनके कब्जे से चोरी की रकम बरामद की है। वहीं चोरी में शामिल दो अन्य साथी सड़क दुर्घटना में घायल होने के कारण अस्पताल में उपचाररत हैं।

जानकारी के अनुसार बोईरदादर निवासी रतन मित्रा (67 वर्ष) ने चक्रधरनगर थाना में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी आशीर्वाद मेडिकल स्टोर का ताला तोड़कर अज्ञात बदमाशों ने गल्ले में रखी नकदी चोरी कर ली। शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी एवं नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी राकेश मिश्रा के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों के साथ मुखबिर की सूचना के आधार पर दो अपचारी बालकों को हिरासत में लिया।

पूछताछ में दोनों बालकों ने अपने दो अन्य साथियों के साथ 3 जुलाई की देर रात मेडिकल स्टोर का ताला तोड़कर दुकान में प्रवेश करने और गल्ले से 4 हजार रुपये चोरी करने की बात स्वीकार कर ली। उन्होंने बताया कि चोरी के बाद चारों ने रकम का बराबर बंटवारा कर एक-एक हजार रुपये अपने पास रख लिए थे।

जांच के दौरान यह भी सामने आया कि चोरी की घटना के बाद तीन साथी एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल (CG-13 AP-4953) से जामगांव की ओर घूमने निकले थे। रास्ते में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण मोटरसाइकिल दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें तीनों घायल हो गए। इनमें दो आरोपी गंभीर चोट लगने के कारण अस्पताल में भर्ती हैं, जबकि हिरासत में लिए गए एक अपचारी बालक को सामान्य चोटें आई थीं।

पुलिस ने हिरासत में लिए गए दोनों अपचारी बालकों के कब्जे से चोरी के बंटवारे की एक-एक हजार रुपये की नकदी बरामद कर ली। आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी करने और परिजनों को सूचना देने के बाद दोनों को किशोर न्याय बोर्ड, रायगढ़ के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया गया।

चक्रधरनगर पुलिस की त्वरित कार्रवाई से चोरी की वारदात का एक दिन के भीतर खुलासा हो गया। वहीं अस्पताल में भर्ती दो अन्य आरोपियों के स्वस्थ होने के बाद उनके विरुद्ध भी आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave Your Comment

Click to reload image